युवाओं को नशे से दूर रखकर स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध हरियाणा का निर्माण करना है-एडीजीपी संजय कुमार ।
मादक पदार्थो की तस्करी को हमने तोड़ा है,भविष्य में इसे ध्वस्त करेंगे- एडीजीपी संजय कुमार ।
ड्रग फ्री हरियाणा अभियान का सिरसा से आगाज, युवाओं को नशे से दूर रखने का लिया संकल्प ।
सिरसा, 11 जून। हरियाणा को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा ‘‘ड्रग फ्री हरियाणा अभियान’’ का शुभारंभ गुरुवार को चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय, सिरसा से आगाज किया गया। यह राज्यव्यापी अभियान 11 जून से 26 जून 2026 तक प्रदेश के विभिन्न जिलों से होते हुए इसका समापन जिला फरीदाबाद के प्रांगण में किया जाएगा । कार्यक्रम का आयोजन माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नशामुक्त हरियाणा के संकल्प को साकार करने तथा पुलिस महानिदेशक श्री अजय सिंघल की प्रेरणा से एडीजीपी श्री संजय कुमार के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि एडीजीपी लॉ एंड ऑर्डर श्री संजय कुमार ने कहा कि हरियाणा पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाया है तथा भविष्य में इस नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों से होने वाले अवैध नशीले पदार्थों के प्रवेश को रोकना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसके लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा। हिसार रेंज के आईजी श्री कुलदीप सिंह ने कहा कि ड्रग फ्री हरियाणा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए हिसार रेंज में व्यापक जन जागरण अभियान चलाया जाएगा। युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को जोड़कर नशे के खिलाफ मजबूत माहौल तैयार किया जाएगा। चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. विजय कुमार ने कहा कि शिक्षा संस्थानों की जिम्मेदारी केवल डिग्री प्रदान करना नहीं बल्कि समाज के समकालीन मुद्दों के प्रति नई पीढ़ी को जागरूक करना भी है।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय अपने पाठ्यक्रम और गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को सामाजिक चुनौतियों से अवगत कराता है और उनके समाधान के लिए प्रेरित करता है। कुलपति विजय ने बताया कि नयी पीढ़ी समकालीन प्रश्नों से रूबरू होती रहे, इसलिए शिक्षा विभाग ऐसे प्रश्नों को पाठ्यक्रम में शामिल करता है। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के डीआईजी मनबीर सिंह ने कहा कि पुलिस एवं शिक्षा विभाग का यह समन्वय समाजहित में सराहनीय पहल है,समाज को नशा मुक्त बनाने में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बनती है,इसिलए युवाओं को इस मुहिम में बढ़चढ कर हिस्सा लेना चाहिए
। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने कार्यशाला में भाग लेने वाले सभी अतिथियों, विद्यार्थियों तथा सामाजिक प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए युवाओं से आह्वान किया कि सिरसा को नशामुक्त बनाने में पुलिस प्रशासन का सहोयग करें तथा नशे का कारोबार करने वालों की सुचना पुलिस को दें ताकि समय रहते तुरंत कार्रवाई की जा सके । वहीं सिरसा के उपायुक्त श्री शान्तनु शर्मा ने कहा कि नशा मुक्त हरियाणा के सपने को साकार करने के लिए जिले के नशा मुक्ति केन्द्रों को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा ताकि नशे की गिरफ्त में आए लोगों को नई जिंदगी मिल सके। डबवाली एसपी जसलीन कौर ने भी अपने वक्तव्य में कहा कि नशा समाज के लिए गंभीर खतरा है,इससे निपटने के लिए हम सब को आगे आना होगा । विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री सुनील कुमार ने कहा कि पुलिस और शिक्षा संस्थानों की साझेदारी से ही समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है। कार्यक्रम के दौरान डॉ. मंजू नेहरा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि युवा देश की अमूल्य धरोहर हैं और उनका स्वस्थ एवं जागरूक रहना राष्ट्र निर्माण के लिए बेहद जरूरी है।
शिक्षाविद डॉ. रविन्द्र पूरी ने कहा कि समाज में बदलाव की शुरुआत स्वयं से होती है और जागरूक नागरिक ही दूसरों को सही दिशा दिखा सकते हैं।कार्यक्रम के उपरांत विश्वविद्यालय के सांस्कृतिक दल द्वारा नशे की भयावहता पर आधारित प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। कार्यक्रम उपरांत सांस्कृतिक दल के सदस्यों को एडीजीपी साहब ने 15 हजार रुपए का नगद इनाम देकर प्रोत्साहित किया गया
। विद्यार्थियों द्वारा भांगड़ा प्रस्तुति ने भी माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।उल्लेखनीय है कि यह अभियान सिरसा से शुरू होकर 12 जून को फतेहाबाद, 15 जून को पंचकूला, 16 जून को यमुनानगर, 17 जून को पानीपत, 18 जून को कैथल, 20 जून को झज्जर, 22 जून को सोनीपत, 23 जून को गुरुग्राम तथा 26 जून को फरीदाबाद पहुंचेगा। अभियान का समापन फरीदाबाद स्थित एनआईटी परिसर में होगा। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध हरियाणा का निर्माण करना है।