गौशालाओं को सशक्त व आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही सरकार: रेणु शर्मा
BJP जिलाध्यक्ष डबवाली रेणु शर्मा ने गौशालाओं के लिए सरकार द्वारा दी गई अनुदान राशि के चैक वितरण के तहत कालांवाली विधानसभा के गांव लक्कड़ांवाली, कुरंगावाली, कमाल व पक्का शहीदां में कार्यक्रम आयोजित कर चैक वितरित किए गए। जिलाध्यक्ष रेणु शर्मा ने गांव कुरंगावाली स्थित श्रीकृष्ण गौशाला वेल्फेयर सोसायटी कुरंगावाली को 210220, श्री कृष्ण परनामी बाबा सुजान दास गौशाला में 182160, माता सुरजीत कौर गौशाला लकड़ांवाली को 386400 व श्री कृष्ण परनामी बाबा नागा जी गौशाला पक्का शहीदां को 358700 रुपए की राशि के चैक सौंपे।
गौशाला प्रबंधकों ने सरकार व जिलाध्यक्ष का अनुदान राशि उपलब्ध करवाने के लिए आभार व्यक्त किया। जिलाध्यक्ष ने बताया कि सरकार द्वारा प्रदेश की 602 पंजीकृत गोशालाओं के लिए 68 करोड़ 34 लाख रुपए की चारा अनुदान राशि जारी की गई। उन्होंने कहा कि गोमाता की सेवा केवल आस्था नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। सरकार गोशालाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शर्मा ने कहा कि सरकार द्वारा देसी नस्लों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं।
हरियाणा, साहिवाल और बेलाही नस्ल की गायों के गोपालकों को 5 हजार से 20 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है, जिससे दुग्ध उत्पादन और नस्ल सुधार को बढ़ावा मिल रहा है। इसके अलावा सरकार द्वारा हरियाणा गो-वध संरक्षण एवं गोसंवर्धन अधिनियम-2015 लागू कर गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है।
इस कानून के तहत गोहत्या और अवैध तस्करी पर कड़े दंड का प्रावधान किया गया है। उन्होंने सामाजिक और धार्मिक संगठनों, पंचायतों तथा युवाओं से आह्वान किया कि वे गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि गोबर और गोमूत्र आधारित उत्पादों के माध्यम से गोशालाएं स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ रही हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है। इस मौके पर चरणजीत सिंह रोई, राजेंद्र सिंह देसुजोधा, सतपाल शर्मा, अमीलाल पारीक, सतिंदर गर्ग, प्रिंस बिश्नोई, बुटा सिंह, राय सिंह, संजय मेहता सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।