हारे का सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट ने कोटली और जोधका गांव में भरा दो बेटियों का भात

 

MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
हारे का सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा गांव कोटली और जोधका में दो बेटियों की शादी में भात भरने की रस्म पूरी की गई। ट्रस्ट के सदस्यों ने दोनों परिवारों के निवास स्थान पर पहुंचकर बेटियों को अपना आशीर्वाद दिया। गांव कोटली में राजदुलारी और स्वर्गीय सोहनलाल की पुत्री मीनाक्षी तथा गांव जोधका में निशा रानी और विनोद की पुत्री शिवाली के विवाह उत्सव के अवसर पर इस पावन रस्म को निभाया गया।

इस भावुक और आनंदमयी पल पर अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए ट्रस्ट के के प्रधान मनीष सिंगला ने कहा कि यह हमारे लिए केवल एक रस्म नहीं, बल्कि परम आनंद और उत्सव के क्षण हैं। माताश्री श्रीमती सुशीला देवी, इष्ट देव श्री श्याम प्रभु और पितृ देवों की असीम कृपा से उन्हें कुल 82 परिवारों का भात भरने का यह परम सौभाग्य प्राप्त हुआ है। इस शुभ और पुण्य अवसर पर दोनों गांवों में उत्सव जैसा माहौल रहा। मनीष सिंगला ने कहा कि भात भरने की ये मुहिम उनकी स्वर्गीय माता श्री सुशीला देवी के आशीर्वाद से संचालित हो रही हैं और जब बेटी के सिर पर हाथ रख कर ऐसा महसूस होता हैं जैसे माता श्री के चरणों में प्रणाम हो रहा हो। कार्यक्रम में दौलत राम कंबोज, जगदीश गोस्वामी, निजी सचिव हरपिंदर शर्मा व योगेश बिज़ारनिया सहित काफ़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। ‎