भारतीय ज्ञान परंपरा हमारी सांस्कृतिक धरोहर ही नहीं, बल्कि जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान करने वाली अमूल्य विरासत

 

mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के शोभा देवी रामानंद बंसल सेंटर फॉर इंडियन नॉलेज सिस्टम द्वारा भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण, सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन तथा विश्वविद्यालय परिवार के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना के उद्देश्य से लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक भवन के समीप हवन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा हमारी सांस्कृतिक धरोहर ही नहीं, बल्कि जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान करने वाली अमूल्य विरासत है।

उन्होंने कहा कि हवन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सकारात्मक चिंतन, आत्मशुद्धि, पर्यावरण संरक्षण और सामूहिक कल्याण का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालय परिवार को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ उनमें नैतिक मूल्यों, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रहित की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों से इस पावन आयोजन में सहभागिता कर विश्वविद्यालय, समाज और राष्ट्र की उन्नति, समृद्धि तथा सर्व कल्याण की मंगल कामना करने का आह्वान किया।


सेंटर की निदेशक प्रो. संजू बाला ढुल ने बताया कि इस हवन कार्यक्रम का उद्देश्य विश्वविद्यालय परिसर में सकारात्मक एवं आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण करना तथा भारतीय ज्ञान परंपरा के मूल्यों को व्यवहारिक जीवन से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के सभी डीन, निदेशक, विभागाध्यक्ष, यूटीडी के प्रभारी, शाखा अधिकारियों, शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों से कार्यक्रम में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।


उन्होंने यह भी बताया कि हवन के उपरांत सभी उपस्थित जनों के लिए प्रसाद वितरण किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।