मंडियां गेहूं से भरी पड़ी है और मंडियों के बाहर गेहूं से भरी ट्रैक्टर ट्रालियां की लंबी-लंबी लाइनें लगी है: बजरंग गर्ग
mahendra india news, new delhi
हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष व हरियाणा कान्फैड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग ने अनाज मंडी में व्यापारी व किसानों की समस्या सुनने के उपरांत कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण प्रदेश का किसान व आढ़ती बबार्दी के कगार पर है। सरकार हरियाणा की मंडियां व किसानों को बर्बाद करने पर तुली हुई है, जबकि हरियाणा में गेहूं की पैदावार 125 लाख मीट्रिक टन है, लेकिन सरकार गेहूं खरीद का लक्ष्य सिर्फ 72 लाख मीट्रिक टन रखना गलत है जो सरकार की नीयत में पूरी तरह खोट को दशार्ता है जबकि पिछले साल सरकार ने 80 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीद का लक्ष्य रखा हुआ था।
इस साल गेहूं खरीद का लक्ष्य सरकार को बढ़ाना चाहिए था। सरकार ने गेहूं खरीद का लक्ष्य बढ़ाने की बजाय घटाकर घटिया सोच का परिचय दिया है। बजरंग गर्ग ने कहा कि हरियाणा की मंडी व खरीद केंद्र पर अब तक 74 लाख मीट्रिक टन गेहूं आने के बावजूद उठान सिर्फ 13 लाख मीट्रिक टन होना सरकार की विफलता है। सरकार द्वारा गेहूं की खरीद, उठान व भुगतान ना होने से किसान 19 दिनों से मंडियों में धक्के खा रहा है। मंडियों में गेहूं भरी पड़ी है। यहां तक की मंडियों के बाहर गेहूं से भरी ट्रैक्टर ट्रालियां की लंबी-लंबी लाइनें लगी हुई है।
बजरंग गर्ग ने कहा कि मुख्यमंत्री का गेहूं खरीद उठान व भुगतान 48 घंटे में करने के सभी दावे हवा हवाई सिद्ध हुए हैं। मुख्यमंत्री को झूठी घोषणा करने की बजाय गेहूं की खरीद, उठान व भुगतान तुरंत प्रभाव से करना चाहिए। सरकार नए-नए नियम बनाकर किसान व आढ़तियों को तंग करने में लगी हुई है। सरकार किसान व आढ़तियों के साथ पोर्टल-पोर्टल खेल रही है, सरकार का पोर्टल चलता तक नहीं है। बजरंग गर्ग ने कहा कि 30 सालों से आढ़तियों का कमीशन 2.5 प्रतिशत है। सरकार ने आढ़तियों का कमीशन बढ़ाने की बजाय घटाने व खत्म करने का काम किया है। गेहूं खरीद का कमीशन 64 रुपए 62 पैसे बनता है, लेकिन सरकार 55 रुपए दे रही है। सरसों का कमीशन 2.5 प्रतिशत से घटाकर 1.25 कर दिया हैं।
कपास का कमीशन आढ़़तियों का सरकार ने खत्म कर दिया है जो सरासर गलत है। सरकार को हर अनाज खरीद पर पहले की तरह 2.5 प्रतिशत आढ़तियों को कमीशन देना चाहिए। इस अवसर पर व्यापार मंडल जिला प्रधान हीरालाल शर्मा, सिरसा शहरी प्रधान कीर्ति गर्ग, महासचिव अश्विनी बांसल, प्रदेश सचिव सुधीर ललित, युवा संरक्षक संदीप मिढा, हिसार अनाज मंडी एसोसिएशन जिला प्रधान पवन गर्ग, प्रदेश युवा प्रभारी राहुल गर्ग, अतुल गोयल, तुषार गर्ग आदि प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे।