राजस्थान में सरपंच चुनाव का सबसे रोमांचक मुकाबला, रजनी देवी ने एक वोट से मारी बाजी
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
राजस्थान में पंचायत चुनाव के 4 चरण में सरपंच पद के लिए हुए मुकाबले में टोंक जिले की एक पंचायत के नतीजों ने चौंका दिया, जिले की नूरपुरा खेड़ा ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए बेहद रोमांचक मुकाबला हुआ है. यहां रजनी देवी ने जैना देवी को महज 1 वोट से हराकर सरपंच की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया. यह मुकाबला चार चरणों में हुई वोटिंग में सबसे करीबी मुकाबला माना जा रहा है, रजनी देवी को कुल 294 और जैना देवी को 293 वोट मिले. रजनी देवी का चुनाव चिन्ह भिंडी था. परिणाम घोषित होते ही रजनी देवी के समर्थकों में खुशी की लहर छा गई और वहां जश्न का माहौल हो गया
जानकारी के अनुसार टोंक जिले की टोंक पंचायत समिति के नूरपुरा खेड़ा गांव का चुनाव परिणाम पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. यहां सरपंच पद के लिए कुल 10 प्रत्याशी मैदान में थे. वोटिंग के दिन कुल 1816 मतदाताओं ने वोट डाले. 10 प्रत्याशियों में मुख्य मुकाबला रजनी देवी और जैना देवी में रहा. मतगणना के दौरान दोनों का पलड़ा लगभग बराबर चलता. कांटे के टक्कर देखकर दोनों प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की सांसें ऊपर नीचे होती रही, . नूरपुरा खेड़ा पंचायत का यह चुनाव खासा चर्चा में है और सोशल मीडिया पर भी छाया हुआ है