सास ससुर ने बहू के पहनावे से तंग आकर किया सुसाइड, इकलौते बेटे की जिद पर कराई थी लव मैरिज
पानीपत जिले के गांव नारा में घरेलू कलह से परेशान पति पत्नी ने जहरीला पदार्थ खाकर सुसाइड कर लिया। मृतक दंपति की पहचान 46 साल के राजेश और उनकी 44 साल की पत्नी सुमन के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि राजेश और सुमन का इकलौता बेटा आशीष है। करीब 2 साल पहले उसकी पहचान दिल्ली निवासी स्नेहा से फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और बाद में जनवरी 2025 में स्वजनों की सहमति से लव-कम-अरेंज मैरिज हुई थी।
अक्सर होती थी कहासुनी
बताया जा रहा है कि शुरुआत में परिवार को उम्मीद थी कि बहू के आने से घर पर खुशियां आएंगी, लेकिन विवाह के कुछ वक्त बाद ही घर में झगड़ा होना शुरू हो गए। स्नेहा दिल्ली के आधुनिक माहौल में पली-बढ़ी थी और गांव के पारंपरिक माहौल में स्वयं को ढाल नहीं पा रही थी।
बहु के पहनावे और रहन-सहन को लेकर घर में अक्सर कहासुनी होती थी। राजेश और सुमन चाहते थे कि बहू गांव और स्वजनों की मर्यादाओं के मुताबिक घर पर रहे, जबकि स्नेहा इसे दखल मानती थी। इसके बाद तो धीरे-धीरे यह विवाद गंभीर घरेलू क्लेश में बदल गया।
परिवार के लोगों ने आरोप लगाया कि स्नेहा कई बार सास सुमन के साथ मारपीट व बदसलूकी भी करती थी। जिससे दोनों मानसिक रूप से बहुत परेशान रहने थे। बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर बाद घर में फिर किसी बात को लेकर विवाद हुआ।
इसके बाद तनाव में आकर राजेश और सुमन ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगडऩे पर दोनों को तुरंत सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने सुमन को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर हालत में राजेश को पीजीआईएमएस रेफर किया गया। राजेश की भी रविवार सुबह उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
राजेश कुमार, प्रभारी थाना मतलौडा ने बताया कि पुत्रवधू पर सास- ससुर को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में स्वजन की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।