सिरसा के टाउन पार्क में नगर परिषद ने किया पौधारोपण, पार्क को सुंदर और स्वच्छ बनाने का लक्ष्य
mahendra india news, new delhi
नगर परिषद सिरसा की ओर से सेवा संकल्प भारत के तहत टाउन पार्क में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड के चेयरमैन रोहताश जांगड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि नगर परिषद चेयरमैन शांति स्वरूप भट्टी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही टाउन पार्क में स्वच्छता व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। इस अवसर पर वार्ड नंबर 6 के पार्षद गोपी राम सैनी का विशेष सहयोग रहा।
नगर परिषद चेयरमैन शांति स्वरूप भट्टी ने कहा कि शहर को हरा-भरा, स्वच्छ और सुंदर बनाना नगर परिषद की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी दिशा में टाउन पार्क को विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। हमारा लक्ष्य है कि आने वाले समय में टाउन पार्क को शहर के सबसे सुंदर और स्वच्छ पार्कों में शामिल किया जाए, ताकि शहरवासियों को बेहतर वातावरण और स्वच्छ हरित क्षेत्र उपलब्ध हो सके।
उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की देखभाल और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखना भी हम सभी की जिम्मेदारी है। नगर परिषद की ओर से समय-समय पर लोगों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
शांति स्वरूप भट्टी ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए वार्ड नंबर 6 के पार्षद गोपी राम सैनी सहित नगर परिषद की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से CSI जयबीर, IEC सुमन और पवन SI के सहयोग की सराहना करते हुए उनका धन्यवाद किया।
उन्होंने शहरवासियों से भी अपील की कि वे पौधारोपण को बढ़ावा दें, पौधों की देखभाल करें और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि सामूहिक प्रयासों से सिरसा को स्वच्छ, हरा-भरा और सुंदर बनाया जा सके।