बेटी की शादी में प्रीत नगर जोन की साध संगत बनी सहारा, घरेलू जरूरत का सामान देकर निभाया इंसानियत का फर्ज

 
mahendra india new delhi

आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की बेटी की शादी में डेरा सच्चा सौदा के ब्लॉक कल्याण नगर के प्रीत नगर जोन की साध संगत मददगार बनकर सामने आई। ब्लॉक कल्याण नगर की प्रीत नगर जोन की साध-संगत ने जरूरतमंद परिवार की बेटी को घरेलू जरूरत का सामान देकर न केवल शादी की चिंता दूर की बल्कि इंसानियत की मिसाल भी पेश की।

जानकारी के अनुसार कल्याण नगर गली नंबर-4 निवासी जयराम दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार में चार बेटियां और एक बेटा है। उनकी बेटी आरती की शादी 7 मई वीरवार को तय हुई थी, लेकिन कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण परिवार शादी की तैयारियों को लेकर चिंतित था। बेटी की शादी की चिंता से परेशान जयराम ने डेरा सच्चा सौदा के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सहयोग की अपील की। इसके तुरन्त बाद ब्लॉक कल्याण नगर की प्रीत नगर जोन की साध-संगत ने पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां की पावन शिक्षाओं पर अमल करते हुए 175 मानवता भलाई कार्यों में शामिल 21वें कार्य आशीर्वाद के तहत परिवार की सहायता का बीड़ा उठाया।

बुधवार शाम को प्रीत नगर जोन की सच्ची प्रेमी समिति के सेवादार भाई-बहन जयराम के घर पहुंचे और बेटी की शादी के लिए घरेलू जरूरत का सारा सामान भेंट किया। साध-संगत द्वारा बेटी को डबल बेड, अलमारी, संदूक, कुर्सियां, मेज, पंखा, स्टील के बर्तन, प्रेस, लड़का-लड़की के सूट सहित अन्य जरूरी सामान दिया गया। इसके अलावा बेटी को शगुन देकर कन्यादान की रस्म भी निभाई गई। घर पर पहुंचे सेवादारों और साध-संगत को देखकर परिवार की आंखें नम हो गईं।

बेटी के पिता जयराम और माता फूला देवी ने भावुक होते हुए कहा कि आर्थिक तंगी के चलते उन्हें बेटी की शादी की चिंता लगातार सता रही थी, लेकिन साध-संगत के सहयोग से उनकी बड़ी परेशानी दूर हो गई। उन्होंने डेरा सच्चा सौदा के पूज्य गुरु जी तथा प्रीत नगर जोन की साध-संगत का आभार जताते हुए कहा कि यह मदद उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है।

प्रीत नगर जोन के प्रेमी सेवक किशोरी लाल इन्सां ने बताया कि पूज्य गुरु जी की प्रेरणा से साध-संगत लगातार जरूरतमंद लोगों की सहायता कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद परिवार की मदद करके जो आत्मिक सुकून मिलता है, उसे शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि इस सेवा कार्य में प्रीत नगर जोन की सच्ची प्रेमी समिति के सेवादार भाई-बहनों सहित साध-संगत ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। इस अवसर पर सच्ची प्रेमी समिति के सेवादार भाई-बहन और साध-संगत के अन्य सदस्य मौजूद रहे।