नाथूसरी चौपटा क्षेत्र में टूटी वरूवाली नहर, नहर में 20 दिन की बंदी के बाद 7 घंटे पहले छोड़ा गया पानी 

 
mahendra india news, new delhi

नाथूसरी चौपटा क्षेत्र से गुजरने वाली वरूवाली नहर मंगलवार को गांव दड़बा कलां पुल के समीप अचानक टूट गई। नहर टूटने से करीबन 50 एकड़ में नरमा की फसल डूब गई है। नहर टूटने की सूचना मिलने पर सिंचाई विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद नहर को नहराना हेड से बंद करवाया गया। 

जानकारी के अनुसार मंगलवार रात्रि करीबन 8 बजे वरूवाली नहर गांव दड़बा कलां पुल के समीप अचानक टूट गई। नहर टूटने से करीब 50 फीट का कटाव हो गया। इससे पानी से तेजी से खेतों की तरफ बढऩे लगा। नहर टूटने की सूचना किसानों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दी। इस पर सिंचाई विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। नहर को नहराना हेड से बंद करवा दिया गया। सिंचाई विभाग के मैट रतन सिंह ने बताया कि वरूवाली नहर बर्जी नंबर 11900 के पास अचानक टूट गई। नहर में आए कटाव को जल्द ही ठीक करवा दिया जाएगा। 

20 दिन से बंद थी नहर 
वरूवाली नहर में बंदी के चलते 20 दिन से बंद थी। नहर में मंगलवार दोपहर को 1 बजकर 30 मिनट पर नहराना हेड से पानी छोड़ा गया। इसके बाद रात्रि को करीबन 8 बजे नहर अचानक टूट गई। नहर की कई दिनों से बंद होने पर गांव में पानी की किल्लत चल रही है। नहर से गांव कैंरावाली, माख्खोसरानी, लुदेसर, रूपावास, रायपुर, ढूकड़ा, गुडिया खेड़ा, वरूवाली व अन्य गांवों में पेयजल सप्लाई व भूमि की सिंचाई होती है।