मौसम आज रहेगा खराब, हरियाणा समेत अन्य प्रदेशों में आज ऐसा रहेगा मौसम, अलर्ट
मौसम में आज शनिवार यानि 20 दिसंबर, 2025 को भी बदलाव रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान, 20 दिसंबर से 23 दिसंबर के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ़्फराबाद के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 20 और 21 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी हल्की बरसात और बर्फबारी हो सकती है। 20 और 21 दिसंबर को पंजाब के कुछ इलाकों में तथा 21 दिसंबर को पश्चिमी राजस्थान में छिटपुट हल्की बारिश संभव है।
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
उत्तर-पूर्व भारत के कुछ हिस्सों में हल्का (शैलो) कोहरा बनने की आशंका है।
अगले 24 घंटों के दौरान जिले में घने से अत्यंत घने कोहरे के छाने की प्रबल संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार सुबह और देर रात के समय दृश्यता बेहद कम रह सकती है, जिससे सडक़ व रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है।कोहरे के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है और ठंड का असर बढ़ेगा। मौसम विभाग ने वाहन चालकों को धीमी गति, फॉग लाइट का प्रयोग करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस ईरान और आसपास के इलाकों में समुद्र तल से लगभग 3.1 किमी की ऊँचाई पर चक्रवाती परिसंचरण के रूप में बना हुआ है। जबकि एक अन्य वेस्टर्न डिस्टरबेंस जम्मू और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से लगभग 3.1 किमी की ऊँचाई पर चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है।
उत्तर भारत के ऊपर 12.6 किमी की ऊँचाई पर सब-ट्रॉपिकल वेस्टरली जेट स्ट्रीम बह रही है, जिसमें हवा की गति 110 नॉट तक है।