SIRSA में घरेलू गैस की कोई कमी नहीं, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई होगी

 

Mahendra india news, new delhi
जिला खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नियंत्रक हरवीर सिंह ने बताया कि जिले में घरेलू गैस, सीएनजी और पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। आमजन को घबराने या किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि सप्लाई पूरी तरह सामान्य रूप से जारी है।


उन्होंने बताया कि बीते दिन जिले में कुल 7501 गैस सिलेंडर वितरित किए गए, जिससे स्पष्ट है कि आपूर्ति सुचारू रूप से चल रही है। एजेंसियों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है और नियमित रूप से स्टॉक की जानकारी ली जा रही है, ताकि कहीं भी किसी प्रकार की कमी न हो।
उन्होंने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और सभी एजेंसियों के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उपभोक्ताओं को गैस की डिलीवरी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही की जा रही है।


एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि उपभोक्ताओं से तय कीमत से अधिक राशि न वसूली जाए। यदि कोई एजेंसी या व्यक्ति निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


उन्होंने कहा कि कालाबाजारी या अवैध उपयोग पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएंगे। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें और किसी भी समस्या की जानकारी संबंधित विभाग को दें।