दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में इन चीजों पर रहेगी पाबंदी, जानें क्या लेकर जा सकेंगे दर्शक
mahendra india news, new delhi
दिलजीत दोसांझ के जहां पर कार्यक्रम होते हैं, वहां पर भारी संख्या मेें उनके चाहने वाले पहुंचते हैं। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में लोगों की सुविधा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए खास व्यवस्था की गई है। इस कार्यक्रम के दौरान करीबन 2,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इस कार्यक्रम में करीबन 85,000 दर्शकों के आने की संभावना है। उन्होंने बताया कि इसके लिए करीबन पांच हजार सपोर्ट स्टाफ, पुलिसकर्मी और करीब 1,500 निजी सिक्योरिटी गार्ड तैनात किए गए हैं।
अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत ने इस संदर्भ में जानकारी देते हुए बताया कि अहमदाबाद सिटी पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। यहांडोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर और मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं, साथ ही बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड की टीमें भी तैनात हैं। कार्यक्रम स्थल पर क्विक रिस्पॉन्स टीमें भी मौजूद रहेंगी।
साधारण कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मी
इसी के साथ ही एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था स्टेडियम से 4 से 5 किलोमीटर के दायरे में फैली हुई है, जिसमें पार्किंग की जगह और कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले रास्ते भी शामिल हैं। पुलिस अधिकारी के अनुसार, किसी भी अप्रिय घटना या भगदड़ जैसी स्थिति को रोकने के लिए स्टेट रिजर्व पुलिस की तीन कंपनियों के साथ-साथ क्राइम ब्रांच और स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप की टीमों को अहम जगहों पर तैनात किया गया है। इनमें सादे कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
300 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं
इसी के साथ ही अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर ने बताया कि निगरानी के लिए पुलिस ने करीबन 300 सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं, जबकि आयोजकों की ओर से 300 और कैमरे लगाए गए हैं। आयोजकों द्वारा तैनात किए गए लगभग 1,500 निजी सिक्योरिटी गार्ड पुलिस की मदद करेंगे, खासकर एंट्री और एग्जिट गेट को संभालने और स्टेडियम के अंदर अन्य व्यवस्थाओं को देखने में। पुलिस ने उन चीजों पर भी पाबंदी लगाई है जिन्हें दर्शक कार्यक्रम स्थल के अंदर ले जा सकते हैं। अधिकारी ने बताया कि मोबाइल फोन और ईयरफोन ले जाने की अनुमति होगी।
सिटी पुलिस प्रमुख ने इस कार्यक्रम को लेकर कहा कि केवल महिला दर्शकों को ही छोटे पावर बैंक ले जाने की अनुमति होगी, ताकि उनके फोन चार्ज रह सकें। हालांकि, पानी की बोतलें और बैग जैसी चीजें, जिन्हें फेंका जा सकता है, उन्हें अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अधिकारी ने आगे बताया कि कार्यक्रम स्थल के बाहर लॉकर की सुविधा भी होगी, जहां दर्शक अपना सामान जमा कर सकते हैं। इससे पहले दिलजीत दोसांझ ने दिल्ली में लाइव कॉन्सर्ट किया था।