दीपावली पर सड़क किनारे जाम छलकाने वालों की खैर नहीं, होगी FIR, सार्वजनिक स्थानों पर महफिल सजाने और गाड़ियों में बैठकर शराब पीने वालों पर भी पुलिस की पैनी नजर 

 

MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI

 दीपावली के त्योहार पर शांति व्यवस्था बिगाड़ने और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों की अब खैर नहीं है। सिरसा पुलिस ने ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्र में अवैध अहातों, चिकन कॉर्नर, कैफे और रेहड़ियों पर शराब पिलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करें। एसपी ने कहा कि ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन के तहत ऐसे स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए, जहां लोग सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी कर शराब पीते हैं या सार्वजनिक जगहों पर महफिल सजाकर जाम छलकाते हैं।

उन्होंने कहा कि होटल, ढाबों, चिकन कॉर्नर और रेहड़ियों पर अवैध रूप से शराब पिलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर गाली-गलौज, शोर-शराबा और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ संबंधित थानों में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी दीपावली के दौरान बाजारों, चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की विशेष टीमें तैनात रहेंगी। पीसीआर मोबाइल, राइडर लगातार गश्त करेंगी, ताकि आम लोगों को त्योहार के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

SIRSA SP ने थाना प्रभारियों को अभियान के तहत टीमें गठित कर नियमित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। एसपी दीपक सहारन ने कहा कि आमजन को सुरक्षित माहौल देना पुलिस की पहली प्राथमिकता है। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर दूसरों के लिए परेशानी खड़ी करने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि कहीं अवैध रूप से शराब पिलाई जा रही है या सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग हो रहा है तो इसकी सूचना पुलिस को दें।