SIRSA में ब्लैकमेल कर 5 लाख मांगने वाले दंपती समेत तीन ट्रैप में दबोचे, 2 लाख बरामद
Mahendra india news, new delhi
सिरसा। थाना सिविल लाइन पुलिस ने झूठे मुकदमे को खत्म कराने के नाम पर ब्लैकमेल कर पांच लाख रुपये की डिमांड करने वाले दंपती समेत 3 आरोपियों को ट्रैप लगाकर रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शिकायतकर्ता से ली गई दो लाख रुपये की नकदी भी मौके से बरामद कर ली। गांव बाहिया निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके भाई संजय कुमार के खिलाफ महिला थाना में दर्ज मुकदमे को रफा-दफा कराने का झांसा देकर प्रियंका पत्नी गजानंद निवासी गांव मिट्ठी सुरेरा लगातार पांच लाख रुपये की मांग कर रही थी।
आरोप है कि प्रियंका और उसका पति गजानंद परिवार को ब्लैकमेल कर रहे थे। सौदा 2 लाख रुपये नकद और 3 लाख रुपये ऑनलाइन देने पर तय हुआ और शिकायतकर्ता को सिरसा के एक पार्क में बुलाया गया। शिकायत मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस ने जाल बिछाया। शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए 500-500 रुपये के नोटों की 4 गड्डियों के नंबर पहले से नोट कर लिए गए।
तय योजना के तहत शिकायतकर्ता ने आरोपियों को रकम सौंपी और इशारा मिलते ही सादे कपड़ों में मौजूद पुलिस टीम ने दबिश देकर प्रियंका, उसके पति गजानंद और उनके साथी अवतार सिंह को मौके पर ही काबू कर लिया। तलाशी में प्रियंका से 50 हजार रुपये और अवतार सिंह से डेढ़ लाख रुपये बरामद हुए। सिविल लाइन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया इस मामले में जो व्यक्ति संलिप्त पाया गया उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी । पुलिस अब यह भी खंगाल रही है कि आरोपियों ने पहले भी किसी अन्य व्यक्ति को इसी तरह ब्लैकमेल कर रकम तो नहीं वसूली।