टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामला: हरियाणा में पकड़ी गई 22 साल की महिला, फायरिंग मामले में अभी तक 13 गिरफ्तार

 

mahendra india news, new delhi

बॉलीवुड के फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की ओर से 22 साल की महिला को गिरफ्तार किया है। हरियाणा प्रदेश में करनाल से गिरफ्तार महिला की पहचान सुनेहा पत्नी अभिषेक के रूप में हुई है। 


महिला करनाल के रामनगर थाना क्षेत्र की शिव कॉलोनी की निवासी है। मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने पानीपत क्राइम ब्रांच की सहायता से रविवार, एक नवंबर की शाम उसे गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम महिला को अपने साथ मुंबई ले गई।

रामनगर थाना प्रभारी दीपचन्द ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम एपीआई दिनेश के नेतृत्व में मामले की जांच के सिलसिले में करनाल पहुंची थी। महिला की तलाश में रामनगर थाना क्षेत्र की शिव कॉलोनी में कार्रवाई की गई। पानीपत क्राइम ब्रांच की मदद से उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जांच के बाद गिरफ्तारी आवश्यक पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

बताया जा रहा है कि मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम के करनाल पहुंचने पर एक नवंबर को शाम 4:50 बजे थाना रामनगर में आमद-रवानगी की रपट दर्ज की गई। महिला को गिरफ्तारी के कारण और आधार की लिखित जानकारी दी गई। उसके पिता सुरेंद्र पासवान को भी गिरफ्तारी की सूचना से संबंधित लिखित नोटिस दिया गया।

अभी तक 13 गिरफ्तार
आपको बता दें कि 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू क्षेत्र में फुटबॉल ग्राउंड से निकलते वक्त अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की गई थी। इस वारदात में अभिनेता श्रॉफ बाल-बाल बच गए थे, जबकि गाड़ी चालक और मौके पर मौजूद एक ब्लॉगर घायल हुए थे। मामले की जांच कर रही मुंबई क्राइम ब्रांच अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें 3 महिलाएं शामिल हैं। करनाल से गिरफ्तार महिला की मामले में भूमिका को लेकर मुंबई पुलिस की जांच जारी है।