कुत्ता काटने से घायल व बेसहारा पशु के कारण हुई मृत्यु या अपंगता मामले में समय पर मिले वित्तीय सहायता: SIRSA डीसी शांतनु शर्मा

 

Mahendra india news, new delhi
दीन दयाल उपाध्याय अंत्योदय परिवार सुरक्षा योजना (दयालु-॥) के तहत जिला स्तरीय बैठक उपायुक्त शांतनु शर्मा की अध्यक्षता में लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित हुई। बैठक में बेसहारा पशुओं व कुत्तों के काटने से मृत्यु व घायल होने से संबंधित मामलों पर विचार मंथन कर पांच में से चार केस स्वीकृत किए गए व एक केस को अस्वीकृत कर दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि ऐसे मामलों में आवेदक को शीघ्र योजना का लाभ देने के लिए सभी कार्यवाही समय पर सुनिश्चित की जाए और जो कमियां रह जाती है, उन्हें भी दूर करवाने के लिए आवेदक को कॉल कर जानकारी दें।


उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार की यह सामाजिक सुरक्षा योजना है जिसमें अंत्योदय परिवारों को बेसहारा पशुओं, कुत्तों के काटने से घायल जैसी दुर्घटना की स्थिति में परिवार को वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। सदस्य सचिव अमिता चौधरी ने बताया कि बैठक में दुर्घटना होने के बाद संबंधित विभाग से भी रिपोर्ट ली गई और रिपोर्ट के उपरांत ही केस बैठक में रखे गए। कुत्ते के काटने या बेसहारा पशु से होने वाली दुर्घटना के उपरांत आवेदक को ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन करना होता है,

जिसके बाद पुलिस की प्राथमिक सूचना रिपोर्ट / रोजनामचा रिपोर्ट व मृत्यु होने की स्थिति में मृत्यु प्रमाण पत्र तथा घायल होने की स्थिति में मेडिकल रिपोर्ट को पोर्टल पर अपलोड किया जाना जरूरी है। इसके उपरांत ही केस जिला स्तरीय बैठक में रखा जाता है। बैठक में ही नियम के अनुसार योजना का लाभ देने का ही फैसला किया जाता है। उन्होंने बताया कि यदि किसी के डाक्यूमेंट कम है तो उसे दोबारा से डॉक्यूमेंट अपलोड करने का मौका भी दिया जाता है। इस योजना के तहत आय सीमा की शर्त नहीं है।


बैठक में SDM सिरसा राजेंद्र कुमार, DFO सतीश कुमार, DDPO बलजीत सिंह, डीएसपी राज सिंह, पीडब्ल्यूडी विभाग के एक्सईएन कमलदीप राणा, स्वास्थ्य विभाग से डा. अभिजीत गर्ग, एपीओ दीप्ति, ललित कुमार सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में एसडीएम ऐलनाबाद पारस भागोरिया वीडियो कॉफ्रेंस के माध्यम से जुड़े।