हरियाणा में एसआईआर फार्म बीएलओ के पास जमा कराने का कल अंतिम दिन, अभियान के दौरान सबसे बड़ी ये आ रही है चुनौती
mahendra india news, new delhi
हरियाणा प्रदेशभर में एसआईआर फार्म भरने का कार्य किया जा रहा है। विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर अभियान के तहत सोमवार को फार्म ऑनलाइन कराने का अंतिम दिन है। ऐसे सभी मतदाता जिन्होंने अभी तक अपना फार्म संबंधित बूथ लेवल अधिकारी बीएलओ के पास जमा नहीं कराया है उनके लिए अंतिम मौका है है।
निर्वाचन विभाग ने पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वह निर्धारित समय के भीतर अपने आवश्यक दस्तावेजों सहित फार्म जमा कराकर मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित करें। प्रदेशभर में बीएलओ लगातार संपर्क कर रहे हैं ताकि अधिक से अधिक पात्र आमजन का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जा सके। बीएलओ घर-घर जाकर फार्म एकत्रित करने और आवश्यक जानकारी सत्यापित करने का कार्य कर रहे हैं। इस अभियान के दौरान सबसे बड़ी चुनौती उन महिलाओं के मामलों में सामने आई है जिनका विवाह अन्य राज्यों से हरियाणा में हुआ है।
जानकारी के अनुसार ऐसी कई महिलाओं के पास अपने मायके क्षेत्र में हुई पिछली एसआईआर अथवा मतदाता पंजीकरण से संबंधित जानकारी उपलब्ध नहीं है। इसके कारण बीएलओ को सत्यापन प्रक्रिया में अतिरिक्त कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई मामलों में संबंधित प्रदेशों से जानकारी प्राप्त करने में भी समय लग रहा है जिससे फार्म पूर्ण करने में विलंब हो रहा है।
निर्वाचन विभाग के मुताबिक जिन मतदाताओं के फार्म निर्धारित वक्त तक प्राप्त हो जाएंगे उनका नाम 21 जुलाई को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। जो मतदाता अपने फार्म के साथ पिछली एसआईआर का विवरण उपलब्ध नहीं करा सके हैं उन्हें संबंधित आवश्यक दस्तावेज बाद में उपलब्ध कराने होंगे।