CDLU SIRSA में एमएससी फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी कार्यक्रम में कुल 30 सीटें

 

mahendra india news, new delhi
CDLU, सिरसा का फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी विभाग विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अत्याधुनिक प्रयोगशाला सुविधाओं तथा उद्योगों से जुड़ी व्यावहारिक ट्रेनिंग के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट करियर के अवसर उपलब्ध करा रहा है। वर्ष 2004 में स्थापित यह विभाग पिछले दो दशकों से फूड साइंस एवं टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में दक्ष मानव संसाधन तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

विभागाध्यक्ष प्रो. संजू बाला ढूल ने बताया कि विभाग में एमएससी फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी कार्यक्रम में कुल 30 सीटें उपलब्ध हैं। प्रवेश के लिए बीएससी एग्रीकल्चर, फूड टेक्नोलॉजी, डेयरी टेक्नोलॉजी अथवा संबंधित विषय में न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक आवश्यक हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 15 जुलाई 2026 तक विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रवेश संबंधी अधिक जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष एवं कुशल पेशेवर तैयार करना है। वर्ष 2004 से अब तक विभाग के 90 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थियों का विभिन्न क्षेत्रों में सफल प्लेसमेंट हुआ है तथा प्रत्येक वर्ष नेट उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों की संख्या में भी लगातार वृद्धि हो रही है, जो विभाग की शैक्षणिक गुणवत्ता का प्रमाण है।

उन्होंने बताया कि विभाग की शैक्षणिक उपलब्धियां भी उल्लेखनीय रही हैं। अब तक विभाग के 35 से अधिक विद्यार्थियों ने यूजीसी-नेट तथा एएसआरबी/आईसीएआर-नेट जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाएं उत्तीर्ण की हैं। इनमें से कई विद्यार्थी देश के प्रतिष्ठित शिक्षण एवं अनुसंधान संस्थानों में सहायक प्रोफेसर तथा रिसर्च साइंटिस्ट के रूप में कार्य कर रहे हैं। विभाग के पूर्व छात्र देश-विदेश की प्रतिष्ठित बहुराष्ट्रीय कंपनियों जैसे नेस्ले, कोका-कोला, पेप्सिको, अमूल तथा मदर डेयरी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसके अतिरिक्त अनेक पूर्व छात्र अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया तथा यूरोप के विभिन्न देशों में फूड इंडस्ट्री और अनुसंधान संस्थानों में कार्यरत हैं।

विभाग की प्राध्यापक प्रोफेसर मंजू नेहरा ने कहा कि भारत में फूड प्रोसेसिंग उद्योग सबसे तेजी से विकसित होने वाले क्षेत्रों में शामिल है। विभाग में विद्यार्थियों को आधुनिक फूड एनालिसिस लैब, पायलट प्लांट तथा रिसर्च लैब जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। साथ ही हल्दीराम, आईटीसी, पतंजलि सहित अनेक प्रतिष्ठित फूड कंपनियों में इंटर्नशिप एवं प्लेसमेंट के अवसर भी प्रदान किए जाते हैं, जिससे विद्यार्थियों को उद्योगों की वास्तविक कार्यप्रणाली का अनुभव प्राप्त होता है। उन्होंने बताया कि एमएससी फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी करने के बाद विद्यार्थियों के लिए फूड टेक्नोलॉजिस्ट, क्वालिटी कंट्रोल ऑफिसर, रिसर्च एसोसिएट, प्रोडक्शन मैनेजर तथा फूड सेफ्टी ऑफिसर सहित अनेक आकर्षक करियर विकल्प उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त विद्यार्थी जूनियर एवं सीनियर फूड एनालिस्ट जैसे सरकारी पदों के लिए भी पात्र होते हैं।