पारंपरिक त्योहार हमारी सांस्कृतिक विरासत की पहचान

 

mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक भवन में विश्वविद्यालय परिवार द्वारा होली मिलन समारोह का हर्षोल्लास के साथ आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार एवं कुलसचिव डॉ सुनील कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।


समारोह को संबोधित करते हुए कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार ने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सौहार्द और एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विश्वविद्यालय परिवार को एक सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं तथा कार्यस्थल पर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।


इस अवसर पर कुलसचिव डॉ सुनील कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि पारंपरिक त्योहार हमारी सांस्कृतिक विरासत की पहचान हैं। उन्होंने सभी कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे आपसी सहयोग और समर्पण की भावना के साथ विश्वविद्यालय की प्रगति में योगदान देते रहें। कार्यक्रम के दौरान कुलगुरु, कुलसचिव व कर्मचारियों ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण में उत्सव का आनंद लिया। समारोह में विश्वविद्यालय के अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।