हरियाणा के नाथूसरी चौपटा में दर्दनाक हादसा, 25 से 30 साल के तीन युवकों की मौत, ट्रैक्टर चालक फरार
mahendra india news, new delhi
सिरसा। नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव नहराना के पास सोमवार देर रात करीब एक बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई। मृतकों की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। नाथूसरी चौपटा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार टियागो कार भट्टू की तरफ से नाथूसरी चौपटा की ओर आ रही थी। जब कार गांव नहराना के पास पहुंची तो सड़क पर तुड़े से भरी बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्राली से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवार संदीप पुत्र सूबे सिंह निवासी पीली मंदोरी और कुलदीप पुत्र ओमप्रकाश निवासी ढाणी गोपाल की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल नरेश पुत्र रणबीर निवासी किरतान, जिला हिसार को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल सिरसा पहुंचाया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
ट्रैक्टर चालक मौके से फरार
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। नाथूसरी चौपटा थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हुई है। पुलिस हादसे के कारणों की गहनता से जांच कर रही है।