विश्व पर्यावरण दिवस पर चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन

 

mahendra india news, new delhi
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार ने पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के निर्माण का संदेश दिया।


कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे जन-आंदोलन का रूप देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन एवं प्राकृतिक संसाधनों के अत्यधिक दोहन के कारण पर्यावरण के समक्ष गंभीर चुनौतियां उत्पन्न हो रही हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प भी ले।


उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार के दिशा निर्देशन में परिसर को हरा भरा बनाने का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण को संतुलित बनाए रखते हैं, बल्कि मानव जीवन के लिए स्वच्छ वायु, जल संरक्षण एवं जैव विविधता को भी सुनिश्चित करते हैं। युवाओं को पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाकर ही एक सुरक्षित एवं हरित भविष्य का निर्माण किया जा सकता है।


इस अवसर पर कुलगुरु के तकनीकी सलाहकार प्रो. पंकज शर्मा, परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजकुमार, कार्यकारी अभियंता सुरेंद्र नुहिया, कनिष्ठ अभियंता परवीन, सहायक कुलसचिव डॉ ओमदा लाम्बा, निजी सचिव धर्मवीर, अधीक्षक रामचंद्र मौर्य तथा सुरक्षा अधिकारी हिम्मत सिंह सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा अधिकाधिक पौधारोपण करने का संकल्प लिया।