स्कूल से घर नहीं पहुंचीं 11वीं की 2 छात्राएं, पुलिस की 4 टीमें गठित
हरियाणा प्रदेश के बहादुरगढ़ में लाइनपार थाना क्षेत्र और सेक्टर-6 थाना क्षेत्र की कॉलोनियों की रहने वाली 2 छात्राएं संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने की सूचना आ रही है। जानकारी के अनुसार दोनों छात्राएं शहर के एक राजकीय स्कूल में कक्षा 11वीं में पढ़ती हैं।
स्कूल से दोनों छात्राएं साथ वीरवार को एक साथ में निकली थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं पहुंची। इसके बाद स्वजनों में चिंता बढ़ गई और उन्होंने अपने स्तर पर काफी तलाश की, मगर दोनों छात्राओं के बारे में कोई सुराग नहीं लग सका। डीसीपी मयंक मिश्रा ने बताया कि स्कूल में पढऩे वाली दोनों छात्राओं को जल्द ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में फिलहाल मामला अपहरण का नहीं लग रहा है। जांच में अब तक सामने आया है कि दोनों छात्राएं संभवत: अपनी मर्जी से कहीं चली गई हैं।
जानकारी के अनुसार मामले में एक छात्रा के स्वजनों ने पुलिस को शिकायत दी है। इस शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी और छात्राओं की तलाश तेज कर दी गई है। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों ने भी संज्ञान लिया है। स्कूल में पढऩे वाली लापता छात्राओं की तलाश के लिए पुलिस की 4 टीमें गठित की गई हैं। इनमें क्राइम यूनिट, सीआईए-1, सीआईए-2 और लाइनपार थाना की टीम शामिल है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ करने के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि छात्राओं के बारे में कोई सुराग मिल सके।