SIRSA में रोडवेज चालक से मारपीट, कापे से हमला करने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

 

MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
हरियाणा रोडवेज के चालक के साथ मारपीट करने और कापे से हमला करने का प्रयास करने के मामले में बस स्टैंड पुलिस चौकी ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आदित्य निवासी मतुवाला और युवराज उर्फ बाज निवासी झोरड़नाली के रूप में हुई है। पुलिस मामले में शामिल अन्य युवकों की तलाश में जुटी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव कागदाना निवासी पृथ्वी सिंह ने बताया कि वह हरियाणा रोडवेज डिपो SIRSA में चालक के पद पर तैनात है। 21 अक्टूबर को दोपहर करीब तीन बजे वह अपने साथी चालक के साथ बस स्टैंड स्थित वर्कशॉप के गेट पर सरकारी ड्यूटी कर रहा था।

इसी दौरान मुकेश लाखलान निवासी कंवरपुरा, युवराज उर्फ बाज, आदित्य और उनके तीन-चार अन्य साथी वहां पहुंच गए। बस स्टैंड पुलिस चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर रणसिंह ने बताया की शिकायत के अनुसार, मुकेश ने गांव कंवरपुरा की बस बंद करवाने का आरोप लगाते हुए चालक से कहासुनी शुरू कर दी। देखते ही देखते आरोपियों ने उसके साथ धक्का-मुक्की करते हुए थप्पड़-मुक्के मारने शुरू कर दिए। साथी कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया तो आरोप है कि मुकेश ने हाथ में लिए कापे से चालक पर वार करने का प्रयास किया। चालक के पीछे हटने से वार नहीं लगा।

आरोपियों ने चालक का रास्ता रोककर सरकारी ड्यूटी में बाधा डाली और जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर सिविल लाइन थाना में मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल अन्य युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।