सीडीएलयू सिरसा तथा तीन हरियाणा गर्ल्स बटालियन एनसीसी की ओर से दो कैडेट्स ने जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में स्नोबोर्डिंग कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया
mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा तथा 3 हरियाणा गर्ल्स बटालियन एनसीसी की ओर से दो कैडेट्स, एलसीपीएल रचना एवं एलसीपीएल निधि ने जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में 24 फरवरी 2026 से 09 मार्च 2026 तक आयोजित स्नोबोर्डिंग कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय एवं बटालियन का नाम रोशन किया। कैंप से लौटने पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार एवं कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार ने कैडेट्स को सम्मानित करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
कैडेट्स की इस सफलता पर विश्वविद्यालय प्रशासन एवं एनसीसी अधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस संबंध में जानकारी देते हुए एनसीसी केयर टेकर ऑफिसर प्रोफेसर राजकुमार ने बताया कि यह कैंप एनसीसी के एडवेंचर ट्रेनिंग कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित किया गया।
कैंप के दौरान कैडेट्स को स्नोबोर्डिंग की तकनीकों, संतुलन बनाए रखने, सुरक्षा उपायों एवं बर्फीली ढलानों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर विशेष उपलब्धि हासिल करते हुए एलसीपीएल निधि ने स्लालोम प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त, उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें “बेस्ट टेक्नीक अवार्ड” से भी सम्मानित किया गया, जो बटालियन एवं विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। कैंप के दौरान दोनों कैडेट्स ने सभी प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं में सक्रिय भागीदारी निभाई और अपने उत्साह एवं समर्पण से एनसीसी की भावना को प्रदर्शित किया।
इस सम्मान समारोह के दौरान एनसीसी इंस्ट्रक्टर सोनिका ने उपस्थित सभी को इस स्नोबोर्डिंग कैंप के अनुभवों एवं गतिविधियों के बारे में अवगत करवाया। इस अवसर पर डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. राजकुमार, डीन यूथ वेलफेयर डॉ. मंजू नेहरा व विश्वविद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।