CDLU SIRSA में विभाग पंजाबी में दो वर्षीय एम.ए. (पंजाबी) स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम एवं एक वर्षीय सर्टिफिकेट कोर्स
mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के पंजाबी विभाग ने शैक्षणिक उत्कृष्टता, शोध कार्य और सांस्कृतिक समर्पण के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। इस संबंध के जानकारी देते हुए विभाग की अध्यक्ष प्रोफेसर रणजीत कौर ने कहा कि सीडीएलयू के कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार के मार्गदर्शन में समय-समय पर विभाग संगोष्ठियों, कार्यशालाओं और सम्मेलनों का आयोजन करता रहता है, जिससे छात्रों के शैक्षणिक कौशल में निरंतर वृद्धि हो सके।
उन्होंने बताया कि विभाग का विजन नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों को प्रोत्साहित करना एवं उभरते अंतर्विषयी क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शोध को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि पंजाबी में संप्रेषण कौशल विकसित करना और छात्रों को बहुसांस्कृतिक संवाद के लिए तैयार करना विभाग की प्राथमिकता में शामिल है। तकनीक और पंजाबी अध्ययन के मध्य समन्वय स्थापित करने की दिशा में यह पाठ्यक्रम विशेष रूप से सहायक हैं।
प्रोफेसर रणजीत ने बताया कि हाल ही में हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन द्वारा घोषित कॉलेज कैडर असिस्टेंट प्रोफेसर्स की भर्ती में विभाग के दो विद्यार्थियों मिंटू सिंह व गुरप्रीत सिंह ने सफलता हासिल करके पंजाबी विभाग तथा विश्वविद्यालय का नाम प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। इसके अतिरिक्त देशभर के स्कूलों में विभाग के विद्यार्थी अध्यापन का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि विभाग के अनेक छात्रों ने यूजीसी-नेट और जेआरएफ जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाएं उत्तीर्ण की हैं। विभाग के पूर्व छात्र उत्तर भारत की विभिन्न विश्वविद्यालयों में उच्च अध्ययन कर रहे हैं तथा कुछ ने डॉक्टोरल शोध कार्य भी आरंभ किया है। प्रतिष्ठित शिक्षाविदों के अतिथि व्याख्यान भी आयोजित किए जाते रहे हैं। विभाग का उद्देश्य केवल शैक्षणिक विकास ही नहीं, बल्कि स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर पंजाबी भाषा के संवर्धन हेतु कॉलेज शिक्षकों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखना भी है।
विभाग के सहायक प्राध्यापक गुरसाहिब ने बताया कि वर्तमान में विभाग दो वर्षीय एम.ए. (पंजाबी) स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम एवं एक वर्षीय सर्टिफिकेट कोर्स का संचालन कर रहा है। एम.ए. पंजाबी में 60 सीटों का प्रावधान रखा गया है जबकि सेल्फ फाइनेंस स्कीम के तहत संचालित एक वर्षीय सर्टिफिकेट कोर्स में 30 सीटों का प्रावधान रखा गया है। इस सर्टिफिकेट कोर्स के लिए बारहवीं पास विधार्थी आवेदन कर सकते हैं। एम.ए. पंजाबी में दाखिला लेने के इच्छुक विधार्थी बी ए आनर्स इन पंजाबी या 45 प्रतिशत के साथ स्नातक डिग्री पास आवेदन कर सकते हैं। शैक्षणिक सत्र 2026 -27 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 15 जुलाई निर्धारित की गई है।