छात्राओं की समस्या को लेकर उदय संस्था ने कुलगुरु को सौंपा ज्ञापन, चेतावनी

 

Mahendra india news, new delhi
उदय (यूनाइटेड डेमोके्रटिक एंड एकेडमिक) संस्था द्वारा विश्वविद्यालय में छात्राओं से जुड़े एक गंभीर एवं संवेदनशील मुद्दे को लेकर चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय के कुलगुरु को एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन विश्वविद्यालय परिसर एवं उससे संबद्ध महाविद्यालयों में नि:शुल्क, सुलभ एवं सुरक्षित सैनिटरी पैड सुविधा सुनिश्चित करने की मांग से संबंधित है।

उदय संस्था ने ज्ञापन में स्पष्ट किया कि मासिक धर्म कोई निजी या शर्म का विषय नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, गरिमा और समान अधिकार से जुड़ा सार्वजनिक मुद्दा है। इसके बावजूद आज भी बड़ी संख्या में छात्राएं सैनिटरी पैड जैसी बुनियादी सुविधा के अभाव में असुविधा, असुरक्षा और मानसिक दबाव का सामना कर रही हैं, जो सीधे तौर पर उनकी शिक्षा और स्वास्थ्य को प्रभावित करता है। इस अवसर पर संस्था के फाऊंडर सदस्य मांगेराम ने कहा कि यदि उच्च शिक्षण संस्थानों में पढऩे वाली छात्राओं को सैनिटरी पैड जैसी मूलभूत आवश्यकता के लिए भी संघर्ष करना पड़े, तो यह पूरे सिस्टम पर सवाल खड़ा करता है।

यह मुद्दा किसी सुविधा का नहीं, बल्कि छात्राओं की गरिमा, स्वास्थ्य सुरक्षा और समानता के अधिकार का है। संस्था ने अपने ज्ञापन में सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों एवं यूजीसी की गाइडलाइन्स का हवाला देते हुए मांग की कि सभी महिला शौचालयों, हॉस्टलों एवं प्रमुख स्थानों पर नि:शुल्क सैनिटरी पैड वितरण, वेंडिंग मशीन एवं सुरक्षित डिस्पोज़ल व्यवस्था तत्काल लागू की जाए। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो संस्था छात्र हित में लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीकों से आगे की कार्रवाई करेगा।