जल संरक्षण अभियान के तहत 25 अवैध कनेक्शन काटे और 10 लोगों को नोटिस जारी

 


सिरसा, 08 जून।
जल संरक्षण एवं पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग व डब्ल्यूएसएसओ द्वारा जिले में विशेष अभियान चलाते हुए पानी की बर्बादी करने वालों तथा अवैध जल कनेक्शन धारकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। विभागीय टीमों ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में निरीक्षण कर 25 अवैध पेयजल कनेक्शन काटे तथा पानी का दुरुपयोग करने वाले 10 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए।


विभागीय टीम ने खंड बड़ागुढ़ा के गांव अलीकां में घर-घर जाकर निरीक्षण किया। जांच के दौरान 10 ऐसे घर चिन्हित किए गए जहां पेयजल का उपयोग बागवानी एवं अन्य गैर-घरेलू कार्यों में किया जा रहा था। विभाग ने संबंधित उपभोक्ताओं को नोटिस जारी करते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में पानी की बर्बादी जारी रहने पर उनके जल कनेक्शन काट दिए जाएंगे। इस दौरान ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक भी किया गया।


वहीं शहर के चतरगढ़ पट्टी और प्रेम नगर क्षेत्र में जेई अश्वनी के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाकर अवैध पेयजल कनेक्शनों की जांच की गई। विभागीय टीम ने डोर-टू-डोर निरीक्षण कर बिना अनुमति संचालित जल कनेक्शनों को मौके पर ही काट दिया। उन्होंने बताया कि अवैध कनेक्शनों के कारण जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित होती है तथा वैध उपभोक्ताओं को पर्याप्त दबाव से पानी नहीं मिल पाता।
जेई अश्वनी ने कहा कि पेयजल एक बहुमूल्य संसाधन है और इसकी बर्बादी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने नागरिकों से विभागीय नियमों का पालन करने तथा केवल वैध जल कनेक्शन का उपयोग करने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। टीम ने लोगों को जल संरक्षण का संदेश देते हुए नल खुला न छोडऩे, टपकते नलों एवं पाइपलाइनों की समय पर मरम्मत कराने तथा पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने का आह्वान किया। अभियान के दौरान जिला सलाहकार राकेश सोगलान, कनिष्ठ अभियंता नवीन, बीआरसी प्रेम, बीआरसी राजेश कुमार, आरएमई स्टाफ सहित विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।