रोजगार सहायक पर हमले के विरोध में यूनियन ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
सिरसा। जिले की ग्राम पंचायत मोचीवाली में ग्राम सभा की बैठक के दौरान रोजगार सहायक प्रदीप कुमार पर हुए कथित जानलेवा हमले के विरोध में रोजगार सहायक यूनियन ने उपायुक्त सिरसा को ज्ञापन सौंपा। यूनियन ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन सौंपते हुए यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए तथा दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
जिला उपायुक्त ने यूनियन पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि आरोपियों पर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर रोजगार सहायक यूनियन के राष्ट्रीय सचिव बख्शी सिंह, जिला प्रधान सुरेंद्र नैण खारिया, रमन कुमार (रानियां), इंद्रपाल (बड़ागुढ़ा), रोहताश (ऐलनाबाद), रविंदर सिंह सहित सैकड़ों रोजगार सहायक मौजूद रहे।