सिरसा में बिना लाइसेंस पटाखों का गोदाम पकड़ा,; मालिक गिरफ्तार

 

MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
 दिवाली के त्योहार पर पटाखों की बिक्री के नाम पर बिना लाइसेंस गोदाम चलाने वालों पर सिरसा पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में सीआईए ऐलनाबाद की टीम ने गांव शहीदांवाली की ढाणी में दबिश देकर 17 बड़े गत्ते के कार्टून पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने गोदाम मालिक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।


पुलिस के अनुसार, CIA ऐलनाबाद की टीम बीते दिन गांव मल्लेकां क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कंवर भान पुत्र अमर सिंह निवासी गांव राठधना, जिला सोनीपत, हाल निवासी गांव शहीदांवाली ने मोडियाखेड़ा रोड पर अपने मंजूरशुदा गोदाम से करीब एक किलोमीटर दूर गांव की तरफ पटाखों की नई दुकान और गोदाम बना रखा है। इस गोदाम को चलाने के लिए उसके पास कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं है।


सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गांव शहीदांवाली की ढाणी में स्थित गोदाम पर दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां पटाखों से भरे 17 बड़े गत्ते के कार्टून मिले। पुलिस ने गोदाम मालिक से पटाखे रखने और उनकी बिक्री करने संबंधी लाइसेंस व परमिट मांगा, लेकिन वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने पटाखों को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9बी सहित संबंधित कानूनी धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पटाखे कहां से लाए गए थे और इनके कारोबार में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।


एसपी दीपक सहारन ने कहा कि आगामी दिवाली के मद्देनजर बिना लाइसेंस और परमिट के पटाखे बेचने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। नियमों को ताक पर रखकर पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।