हर घर तिरंगा डॉट कॉम पर अपलोड करें अपनी सेल्फी, मिलेगा डिजिटल सर्टिफिकेट
mahendra india news, new delhi
देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिलाभर में तिरंगा यात्रा, जागरूकता कार्यक्रम तथा अन्य विविध आयोजन किए जा रहे हैं। कार्यक्रमों में ग्रामीण, युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न संस्थाओं से जुड़े लोग उत्साह के साथ भाग ले रहें हैं। देशभक्ति गीत और संदेश युवा शक्ति में जोश भर रहे हैं।
गत दिवस मांगेआना, सकता खेड़ा, साहुवाला, थेड़ी बाबा सावन सिंह, मोरीवाला आदि में तिरंगा यात्रा व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं बीडीपीओ ऑफिस सिरसा को तिरंगा लाइट से सजाया गया, पंचायत घर अहमदपुर को भी तिरंगा लाइटों से रोशन किया गया। ग्राम पंचायत सिकंदरपुर में पंचायत घर और राजकीय स्कूल में तिरंगा रोशनी की गई। कागदाना बस स्टैंड के पास और गांव कर्मगढ़ में भी तिरंगा लाइटिंग की गई। शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत ध्वजारोहण, तिरंगा यात्रा व अन्य कार्यक्रम आयोजित किए गए।
वहीं नगर परिषद सिरसा और नगर पालिका रानिया द्वारा अभियान के तहत एलईडी स्क्रीन से स्वच्छता का भी संदेश दिया गया। कालांवाली में अधिकारियों व कर्मचारियों ने तिरंगा फहराया और सेल्फी प्वॉइंट पर सेल्फी ली। गांव मम्मड़ खेड़ा में स्टाफ सदस्यों, स्कूली विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने पूरे उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा निकाली और नशे के खिलाफ ग्रामीणों को जागरूक भी किया। यात्रा में शामिल लोग हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति गीतों और नारों के साथ आगे बढ़े। वहीं राष्ट्र ध्वज फहराने से जुड़े नियमों एवं उसकी गरिमा बनाए रखने के प्रति भी जागरूक किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थितजन ने राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने तथा देशहित-समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया।
*सेल्फी अपलोड कर बनें डिजिटल अभियान का हिस्सा, सर्टिफिकेट भी मिलेगा*
प्रवक्ता ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत डिजिटल माध्यम में भी आमजन की व्यापक भागीदारी के उद्देश्य से पोर्टल बनाया गया है। हर घर तिरंगा डॉट कॉम (https://harghartiranga.com/) नामक इस पोर्टल पर प्रतिभागी अपनी सेल्फी अपलोड करके डिजिटल सर्टिफिकेट भी प्राप्त कर सकते हैं। इस पहल का उद्देश्य लोगों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने के साथ-साथ विभिन्न गतिविधियों में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। सेल्फी अपलोड करने और डिजिटल सर्टिफिकेट प्राप्त करने के लिए पोर्टल पर नाम, मोबाइल नंबर और पता जैसे आसान से विकल्प भरने होंगे। इस पहल को लेकर युवाओं और डिजिटल माध्यमों का उपयोग करने वाले लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।