गांव भरोखा की बेटी वंशिका एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 में चयनित

 

MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
 नैशनल कैंप बॉक्सिंग ट्रायल में गांव भरोखा की बेटी वंशिका ने अपने शानदार पंच से एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 में चयनित होने का गौरव प्राप्त किया है। वंशिका अब 3 जुलाई को जकार्ता (इंडोनेशिया) में होने वाली नैशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी, जोकि जिले व गांव के लिए गौरव का क्षण है। वंशिका के बॉक्सिंग कोच राहुल शर्मा ने वंशिका को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई व भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वंशिका की यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, लगन, अनुशासन और बॉक्सिंग के प्रति जुनून का परिणाम है।

अपनी मेहनत से वंशिका ने अपने परिवार, कोच और समर्थकों का नाम रोशन कर पूरे क्षेत्र का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी यह सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्त्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि वंशिका अपनी मेहनत व बुलंद हौंसले से एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से भारत के लिए पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाएंगी। उन्होंने बताया कि वंशिका ने मुक्केबाजी की अपनी प्रारंभिक और बेसिक शिक्षा गुरुग्राम में कोच विजय गॉड से प्राप्त की।

विजय गॉड की देखरेख में अपनी नींव मजबूत करने के बाद, अब वह भिवानी में द्रोणाचार्य अवार्डी कोच जगदीश सिंह के मार्गदर्शन में ट्रेनिंग ले रही हैं। कोच राहुल शर्मा ने कहा कि हमारे बच्चे खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं और देश व जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। कम उम्र में हासिल की गई यह सफलता वंशिका की कड़ी मेहनत और जुनून का प्रमाण है। पूरा खेल जगत वंशिका के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है और उम्मीद करता है कि वह अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी भारत का नाम रोशन करेंगी।