सुशासन की ओर गांव कार्यशाला: ग्रामीण विकास को नई दिशा देगा चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय
mahendra india news, new delhi
सिरसा, चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के यूनिवर्सिटी सेंटर फॉर रूरल स्टडीज तथा यूनिवर्सिटी सेंटर फॉर आउटरीच प्रोग्राम एंड एक्सटेंशन के तत्वावधान में बुधवार को विश्वविद्यालय परिसर में "सुशासन की ओर गांव" विषय पर एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यशाला में सिरसा एवं फतेहाबाद जिलों के सरपंचों को आमंत्रित किया गया है।
यूनिवर्सिटी सेंटर फॉर रूरल स्टडीज के निदेशक डॉ रविंद्र कुमार ने बताया कि इस कार्यशाला का उद्घाटन कुलगुरु प्रो. विजय कुमार द्वारा किया जयेगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र ही नहीं, बल्कि समाज के विकास का सक्रिय भागीदार भी है। इस कार्यशाला के माध्यम से विश्वविद्यालय और गांवों के प्रतिनिधियों के बीच संवाद स्थापित कर विकास की ठोस रूपरेखा तैयार की जाएगी।
यूनिवर्सिटी सेंटर फॉर आउटरीच प्रोग्राम एंड एक्सटेंशन के निदेशक तथा फैकल्टी ऑफ सोशल साइंसेज के अधिष्ठाता प्रो. सुल्तान सिंह ढांडा ने कहा कि विश्वविद्यालय अपने आउटरीच कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन, शिक्षा, जागरूकता तथा कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरपंचों के सशक्तिकरण के माध्यम से गांवों की वास्तविक जरूरतों को समझते हुए योजनाएं बनाई जाएंगी, जिससे विकास कार्य अधिक प्रभावी और स्थायी बन सकें।
एकदिवसीय कार्यशाला के दौरान विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा, जिसमें सरपंच सुशासन से जुड़े अपने अनुभव साझा करेंगे। इसके अलावा कार्यशाला में ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। साथ ही सरपंचों को उनके दायित्वों के प्रति जागरूक करते हुए उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।