सिरसा में नशे की ओवरडोज से युवक की मौत पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, सैकड़ों लोगों ने किया प्रदर्शन

 

mahendra india news, new delhi
सिरसा जिला में रानियां क्षेत्र के गांव संत नगर में बीते 17 नवंबर को नशे की ओवरडोज से 23 साल के युवक सागर पुत्र गुरदेव सिंह की मौत हो गई। युवक की मौत के बाद ग्रामीणों में भारी रोष है। नशे की बढ़ती समस्या के विरोध में सैकड़ों ग्रामीणों ने गांव में एकत्रित होकर प्रदर्शन किया और सरकार तथा पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


प्रदर्शन में ग्रामवासियों के अलावा समाजसेवी, नौजवान भारत सभा, जम्हूरियत सभा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पीड़ित परिवार के साथ शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में बढ़ते नशे पर अंकुश लगाने, नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा तस्करी में कथित रूप से संलिप्त या सहयोग करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जांच कर कार्रवाई करने की मांग उठाई।

इस दौरान मृतक सागर की मां ने भावुक होते हुए कहा कि सागर केवल उनका बेटा ही नहीं, बल्कि बुढ़ापे का सहारा भी था। जवान बेटे की अर्थी को कंधा देना उनके जिंदगी की सबसे पीड़ादायक घटना रही। उन्होंने कहा कि बेटे की मौत से उनकी गोद सूनी हो गई है। यह घटना क्षेत्र में नशे के कारण बर्बाद हो रही युवा पीढ़ी और इस गंभीर समस्या के प्रति प्रशासन अनदेखी को भी उजागर करती है। उन्होंने चिंता जताई कि यदि इसी तरह युवा नशे की भेंट चढ़ते रहे तो समाज और देश का भविष्य खतरे में पड़ जाएगा।