कुताना माइनर व जमाल माइनर के टेल पर पानी संकट, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, ग्रामीणों ने शुरू किया जमाल में सांकेतिक धरना

 
mahendra india news, new delhi

नाथुसरी चोपटा क्षेत्र में कुताना माइनर और जमाल माइनर के अंतिम छोर पर पानी की कमी को लेकर गांव जमाल के ग्रामीणों में भारी रोष है। पेयजल और सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिलने से परेशान ग्रामीणों ने भगत सिंह चौक, जमाल में 2 घंटे का सांकेतिक धरना देकर सिंचाई विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

ग्रामीणों ने प्रदर्शन के दौरान सिंचाई विभाग मुर्दाबाद के नारे भी लगाए गए। धरने में देवीलाल खीचड़, अशोक साहू, अजय बेनीवाल, प्रहलाद बेनीवाल, मांगेराम कसवां, सुशील कुमार, सुरेन्द्र सिंह और सतबीर सिंह सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने बताया कि कुतियाना माईनर और जमाल माईनर के टेल तक पानी सही मात्रा में नहीं पहुंच रहा, जिससे गांव में पेयजल संकट गहराता जा रहा है और किसानों की फसलें भी प्रभावित हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हाल ही में एक दिन पानी आया था, लेकिन उसके बाद पानी का स्तर अचानक कम हो गया। इससे खेतों की सिंचाई का कार्य रुक गया है और पीने के पानी की समस्या पैदा हो गई है। किसानों ने आरोप लगाया कि विभागीय लापरवाही के कारण अंतिम छोर के गांवों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा।


धरने के दौरान इन्होने ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीणों को बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन और सिंचाई विभाग से मांग की कि टेल तक पर्याप्त पानी पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि किसानों और ग्रामीणों को राहत मिल सके।

गौरतलब है कि अगस्त 2023 में पीने के पानी की समस्या को लेकर गांव के दो ग्रामीण पानी की टंकी पर चढ़ गये थे। एक सप्ताह के बाद अधिकारियों द्वारा आश्वासन देने के बाद ग्रामीण टंकी से नीचे उतरे थे। लेकिन तीन साल समस्या जस की तस बनी हुई है।