सिरसा में पिकअप और कार की जबरदस्त टक्कर, 7 साल का मासूम और दादा-दादी की मौत; धोंक लगाकर वापस आ रहे थे
mahendra india news, new delhi
हरियाणा प्रदेश के सिरसा में बड़ी सडक़ दुर्घटना हुई है। ऐलनाबाद-सिरसा रोड पर गांव पोहडक़ा स्थित कुटिया के पास सडक़ दुर्घटना हुई। इस हादसे में 7 साल का बच्चे व उसके दादा - दादी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कार और पिकअप की आमने-सामने हुई टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवार मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि गंभीर रूप से घायल उसके दादा और दादी की सिरसा के प्राईवेट अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। इस दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन छोडक़र मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार सिरसा के बेगू रोड निवासी ओमप्रकाश ऐलनाबाद में धोंक लगाने के लिए वीरवार को अपने पोते और पत्नी के साथ कार लेकर गये हुए थे। इसके बाद धोंक लगाने के बाद सिरसा आ रहे थे। इस दौरान गांव पोहडक़ा की कुटिया के पास उनकी कार की सामने से आ रही पिकअप से टक्कर हो गई।
इस दुर्घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने डायल 112 कर इस घटना के बारे में सूचना दी। सूचना मिलने पर ऐलनाबाद थाना प्रभारी प्रगट सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पिकअप चालक की पहचान कर उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दुर्घटना के सही कारण क्या रहा है, यह पिकअप चालक ही बता सकता है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।