Weather Alert: हरियाणा में बारिश से बने कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात, जाने मौसम का हाल

 

Haryana Weather Alert: हरियाणा में मानसून आज भी एक्टिव है। 24 घंटे के दौरान हरियाणा के महेंद्रगढ़, सिरसा और चंडीगढ़ में तेज बारिश रिकॉर्ड की गई। महेंद्रगढ़ और हिसार में ढाई फीट पानी सड़कों पर खड़ा है। वहां बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। 

वहीं सोमवार देर रात से ही फतेहाबाद में रुक-रुक कर हल्की बरसात होती रही। आज सुबह बरसात ने रफ्तार पकड़ी और ज़िले के अधिकांश इलाकों को जमकर भिगोया। बरसात से जहां लोगों ने उमसभरी गर्मी से राहत मिली, वहीं प्रशासन की लापरवाही के कारण लोग परेशान भी नज़र आये। 

बरसात के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया। वहीं चरखी दादरी में भी रात को हुई हल्की बारिश के बाद सीवर व्यवस्था ठप्प होने से बिजली व पानी की समस्या झेल रहे हैं। इसके साथ ही बारिश की वजह से कई जगह बिजली कट हो गयी। जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है। वही मौसम विभाग ने 8 जिलों में आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 

मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिणपश्चिम मानसून की सक्रियता अगले तीन-चार दिनों में और बढ़ने की संभावना है जिससे राज्य में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना बन रही है।  मानसूनी हवाओं के कारण 3 जुलाई  से 7 जुलाई के दौरान बीच- बीच में बादलवाई तथा हवाओं व गरजचमक के साथ राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में हल्की से मध्यम  बारिश होने की संभावना है।