हरियाणा में मौसम आज बिगड़ा, बरसात होने के साथ ओले गिरने की संभावना, ये भी चेतावनी
हरियाणा प्रदेश में पिछले दो दिनों से मौसम खराब चल रहा है। बरसात होने के साथ कई स्थानों पर ओले गिरे हैं। इससे तापमान में कमी आई है। मौसम को लेकर कृषि मौसम विज्ञान विभाग चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार ने मौसम पूर्वानुमान जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार हरियाणा राज्य में २२ मार्च तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने की उम्मीद है। इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से हरियाणा प्रदेश के मौसम में बदलाव आने की संभावना है, जिससे वीरवार यानि १९ मार्च से २१ मार्च के दौरान राज्य में आंशिक बादल तथा हल्की से मध्यम गति से हवाएं चलने तथा कहीं कहीं गरजचमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की संभावना है।
इस दौरान कुछ एक स्थानों पर तेज बारिश की भी संभावना है। इस दौरान बीच बीच में हवाओं में बदलाव आने से दिन के तापमान में गिरावट व रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
डॉ मदन खीचड़
विभागाध्यक्ष
कृषि मौसम विज्ञान विभाग
चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार