11 अगस्त, 2026 का मौसम पूर्वानुमान: आज इन प्रदेशों मेें होगी झमाझम बरसात, अलर्ट 

 

mahendra india news, new delhi

मौसम में मंगलवार यानि 11 अगस्त, 2026 को मौसम में बदलाव रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों ने मौसम पूर्वानुमान में बताया है कि उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे सटे छत्तीसगढ़ के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब उत्तर मध्य प्रदेश और आसपास के इलाकों में पहुंच गया है। इसका प्रभाव समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है और ऊंचाई के साथ यह दक्षिण-पश्चिम दिशा की ओर झुका हुआ है।


मानसून ट्रफ इस समय समुद्र तल पर जैसलमेर, गुना, कम दबाव क्षेत्र के केंद्र, डाल्टनगंज और दीघा से होते हुए आगे दक्षिण-पूर्व दिशा में पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। यह ट्रफ समुद्र तल से करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैली हुई है।
एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडल की पश्चिमी हवाओं में ट्रफ के रूप में सक्रिय है। इसका अक्ष समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर लगभग 65 डिग्री पूर्वी देशांतर के आसपास और 30 डिग्री उत्तरी अक्षांश के उत्तर में बना हुआ है।


इसके अलावा, मध्य महाराष्ट्र के ऊपर समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।

एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में बना हुआ है, जो करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। इसके प्रभाव से 13 अगस्त के आसपास इसी क्षेत्र में एक नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।

 मौसम की संभावित गतिविधि
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान,मध्य प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश जारी रहने की संभावना है।
इस दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तटीय कर्नाटक और केरल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसी के साथ ही उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, झारखंड, कोंकण और गोवा, विदर्भ, पश्चिम बंगाल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप और उत्तर गुजरात में हल्की से मध्यम बरसात होने की संभावना है।
वहीं दिल्ली, बिहार, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, तेलंगाना, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और मराठवाड़ा में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।