27 मार्च 2026 का मौसम: मौसम का बड़ा उलटफेर, इन प्रदेशों में बरसात-आंधी की संभावना, अलर्ट 

 
mahendra india news, new delhi

मौसम में पिछले कई दिनों से बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम में कल शुक्रवार यानि 27 मार्च 2026 को भी बदलाव जारी रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत में बादल, बरसात और आंधी चलने की संभावना है, जबकि पश्चिम और दक्षिण भारत में गर्मी धीरे-धीरे बढ़ती दिखेगी।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और बिहार में दिनभर बादल छाए रहने के साथ कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। गरज-चमक, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी। तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होगी, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी। लेकिन लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


एक पश्चिमी विक्षोभ चक्रवाती परिसंचरण के रूप में उत्तर पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू क्षेत्र पर समुद्र तल से 3.1 किमी की ऊंचाई पर बना हुआ है। दक्षिण-पूर्व राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों पर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जो 1.5 किमी तक फैला हुआ है।

एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण उत्तर-पूर्व असम पर स्थित है।एक नया पश्चिमी विक्षोभ 28 मार्च की रात से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।

मौसम की संभावित गतिविधि
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश संभव है।

उत्तर राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें हो सकती हैं। 27 मार्च को बारिश की गतिविधियां देश के पूर्वी हिस्सों की ओर बढ़ेंगी। इस दौरान पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में छिटपुट बारिश और गरज-चमक संभव है।
तेलंगाना, आंतरिक कर्नाटक और केरल में भी हल्की बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां हो सकती हैं।