Weather Update: बारिश से दिल्ली वालों को मिली गर्मी से राहत, जानें कैसा रहेगा आज का मौसम

 
Weather Update: शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हल्की बारिश से मौसम बदला है। सुबह आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर थोड़ी देर के लिए धूप निकली लेकिन शाम को फिर से धूल भरी आंधी के साथ दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। 

तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक होने से मौसम में गर्मी बरकरार रही। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को आकाश में बादल छाए रहेंगे। आंधी के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना। 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

लू से मिलेगी थोड़ी राहत

मौसम विभाग के अनुसार रविवार के बाद अगले पांच दिन तक दिल्ली में अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इसलिए लू से थोड़ी राहत रह सकती है लेकिन तेज गर्मी बनी रहेगी।

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है। 26 मई के बाद पहली बार तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से थोड़ा नीचे आया है। वैसे दिल्ली में एक जून को वर्ष 2019 के बाद पांच वर्षों में सबसे अधिक तापमान रहा।

कई इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी
एक जून 2019 को दिल्ली में 44.8 डिग्री सेल्सियस तापमान था। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। नरेला में अधिकतम तापमान सबसे अधिक 46.2 डिग्री सेल्सियस व पूसा में अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अधिकतम तापमान सबसे कम मयूर विहार में 43.4 डिग्री सेल्सियस व राजघाट में 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेकिन दिल्ली में हीट इंडेक्स 47 रहा। आया नगर में सबसे अधिक 2.8 मिलीमीटर वर्षा हुई।

इसके अलावा पालम, लोधी रोड सहित दिल्ली के कई इलाकों में हल्की वर्षा व बूंदाबांदी हुई। एक दिन पहले दिल्ली में अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली में खराब श्रेणी में रही हवा की गुणवत्ता
वातावरण में धूल अधिक होने के कारण शनिवार को दिल्ली में एयर इंडेक्स बढ़ गया। इस वजह से हवा की गुणवत्ता मध्यम से खराब श्रेणी में पहुंच गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार अगले तीन दिन तक हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में रहने की संभावना है।

सीपीसीबी द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली का एयर इंडेक्स 245 रहा जो खराब श्रेणी में है। एक दिन पहले दिल्ली का एयर इंडेक्स मध्यम श्रेणी में 190 था।

फरीदाबाद का एयर इंडेक्स 212, गाजियाबाद का 222 व नोएडा का एयर इंडेक्स 256 रहा जो खराब श्रेणी में है। ग्रेटर नोएडा का एयर इंडेक्स 373 रहा जो बेहद खराब श्रेणी में है। इस वजह से एनसीआर में ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण सबसे अधिक रहा। गुरुग्राम का एयर इंडेक्स 182 रहा जो मध्यम श्रेणी में है।