कल 26 नवंबर को कैसा रहेगा मौसम? कई राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट

 

mahendra india news, new delhi
मौसम में कल वीरवार यानि 26 नवंबर को बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बरसात और गरज-चमक से मौसम बिगडऩे वाला है तो कहीं सर्द हवाओं और घने कोहरे के कारण सुबह की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। दक्षिण भारत में पूर्वी हवाओं का असर जारी रहेगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 26 नवंबर कई प्रदेशों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं, आंध्र प्रदेश समेत कुछ अन्य क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। उत्तर भारत में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाने का अनुमान है।

दिल्ली में बरसात का कोई अलर्ट नहीं है। हालांकि, सुबह के समय कुछ इलाकों में घना कोहरा छा सकता है। इससे दृश्यता प्रभावित होने की आशंका है। वाहन चालकों को सुबह के समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

इन राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 26 नवंबर के पूर्वानुमान के मुताबिक, दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहेंगी। केरल और माहे के साथ तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज-चमक के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। आंध्र प्रदेश, केरल और लक्षद्वीप में भी कुछ स्थानों पर बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी गरज-चमक की चेतावनी है।