अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर ठुईयां में योग जागरूकता एवं प्रोटोकाल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर ठुईयां में योग जागरूकता एवं प्रोटोकाल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन
 

MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
हरियाणा सरकार, हरियाणा योग आयोग एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में गांव ठुईयां स्थित राजकीय उच्च विद्यालय में योग जागरूकता एवं योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम फतेहाबाद जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. प्रवीण शर्मा के निर्देशन, जिला योग समन्वयक डॉ. भारती चौहान एवं जिला योग विशेषज्ञ अंबिका पांटा के निर्देशानुसार तथा ब्लॉक योग समन्वयक एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्वजीत जांगड़ा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

 

कार्यक्रम में आयुष योग सहायक अनिल कुमार एवं सतवीर सिंह ने विद्यार्थियों, अध्यापकों एवं ग्रामीणों को योग प्रोटोकॉल का अभ्यास करवाया। शिविर के दौरान ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम एवं सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास करवाते हुए उनके शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यालय परिसर पूर्ण रूप से योगमय वातावरण में दिखाई दिया। विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह, अनुशासन एवं ऊर्जा के साथ योगाभ्यास करते हुए ‘करें योग, रहें निरोग’ का संदेश दिया तथा नियमित योग अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में तनावमुक्त जीवन, मानसिक एकाग्रता, रोग प्रतिरोधक क्षमता वृद्धि एवं सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त करने में योग की महत्ता पर विशेष प्रकाश डाला गया।

 


    आयुष योग सहायक अनिल कुमार ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम ‘स्वास्थ्य, ज्ञान और विश्व शांति के लिए योग’ केवल एक संदेश नहीं, बल्कि संपूर्ण विश्व मानवता के लिए नई दिशा और सकारात्मक परिवर्तन का संकल्प है। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति एवं ऋषि-मुनियों की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। भारत योग के माध्यम से विश्व को स्वास्थ्य, संयम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दे रहा है तथा वैश्विक स्तर पर शांति एवं मानव कल्याण का मार्ग प्रशस्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को जोडऩे वाली संपूर्ण जीवन पद्धति है।

 

नियमित योग करने से तनाव, चिंता, अवसाद एवं अनेक रोगों से मुक्ति मिलती है तथा व्यक्ति में आत्मविश्वास, अनुशासन एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। वर्तमान समय में जब पूरी दुनिया मानसिक तनाव एवं अस्वस्थ जीवनशैली से जूझ रही है, तब योग स्वस्थ, संतुलित एवं शांतिपूर्ण जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। आयुष योग सहायक सतवीर सिंह ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को योग युक्त- नशा मुक्त भारत बनाने का संकल्प दिलाया।

 

उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखकर योग, प्राणायाम एवं सकारात्मक जीवनशैली से जोडऩा समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ बनाता है, बल्कि मन को शांत, संयमित एवं ऊर्जावान भी बनाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन योग अपनाने, अपने परिवार को योग से जोडऩे तथा समाज में स्वास्थ्य एवं जागरूकता का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर मुख्य अध्यापक सुरजीत, रमेश गोदारा, फिजिकल एजुकेशन टीचर राजवीर सिंह, सुंदर दास शास्त्री, सुनील कुमार एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।