गौसेवा की अलख जगाने गुजरात से भारत यात्रा पर निकले युवा धवल चौधरी

 
mahendra india news, new delhi

 गुजरात के बनासकांठा में गौसेवा के लिए छोटी सी गौशाला शुरू करने वाले युवा धवल चौधरी ने गौ संरक्षण के लिए डेढ़ साल पहले भारत यात्रा शुरू की। इस यात्रा के तहत द्वादश ज्योतिर्लिंगों और चार धाम से होते हुए धवल चौधरी सिरसा पहुंचे। श्री बाबा तारा जी कुटिया (श्री तारकेश्वरम धाम) पहुंचे गौसेवक भारत यात्री धवल चौधरी का मुख्य सेवक गोबिंद कांडा ने स्वागत किया। उन्होंने युवा धवल चौधरी के जज्बे की सराहना की।


बनासकांठा से डेढ़ वर्ष पहले भारत यात्रा शुरू करने वाले धवल चौधरी ने बताया कि उन्होंने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर अपने क्षेत्र में एक छोटी गौशाला शुरू की थी। गौशाला से ही उन्हें प्रेरणा मिली कि गौसेवा से जन जन को जोड़ना चाहिए। इसलिए गौसेवा की अलख जगाने के लिए उन्होंने भारत यात्रा का संकल्प लिया। 


धवल चौधरी ने बताया कि अब तक वे देश भर में यात्रा के तहत द्वादश ज्योतिर्लिंग और चार धाम के दर्शन करते हुए लोगों को गौसेवा का संदेश दे चुके हैं। उन्होंने सिरसा में श्री बाबा तारा जी कुटिया (श्री तारकेश्वरम धाम) के बारे में काफी सुना था। अब पंजाब जाने के दौरान वे यहां पहुंचे और संत बाबा तारा जी की समाधि पर शीश नवाया। धवल चौधरी ने बताया कि यहां पूर्व मंत्री गोपाल कांडा एवं गोबिंद कांडा की गौसेवा और गौभक्ति के बारे में जानकारी मिली।

उनका कार्य भी प्रेरणादायक है। कुटिया के मुख्य सेवक गोबिंद कांडा ने युवा भारत यात्री धवल चौधरी की गौभक्ति की सराहना की। उन्होंने कहा कि गौसेवा, गौसंरक्षण एवं गौसंवर्धन के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। धवल चौधरी इस पुनीत कार्य के लिए और गौमाता हेतु भारत यात्रा कर रखे हैं यह अनूठा प्रयास है। जिसकी जितनी सराहना की जाए वो कम है। गोबिंद कांडा ने भारत यात्री धवल चौधरी की गौभक्ति को नमन किया। 
इस मौके पर इन्द्रोश गुज्जर, निजी सचिव लक्ष्मण गुज्जर, हरि प्रकाश शर्मा, रवि सैनी, सुमित कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।