650 पुलिसकर्मियों की रहेगी तैनाती, स्वतंत्रता दिवस पर सिरसा पुलिस अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पैनी नजर :- एसपी दीपक सहारन

 

Mahendra india new delhi
आगामी स्वतंत्रता दिवस को लेकर सिरसा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। 15 अगस्त को बरनाला रोड स्थित शहीद भगत सिंह स्टेडियम में होने वाले जिला स्तरीय समारोह को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।  समारोह में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री बतौर मुख्य अतिथि के तौर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए करीब 650 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरतें। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। समारोह स्थल के आसपास यातायात व्यवस्था, पार्किंग और आने-जाने वाले लोगों की सुविधा को लेकर भी पुलिस ने तैयारी पूरी कर ली है।होटल, धर्मशाला और गेस्ट हाउस पर पुलिस की नजर स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिलेभर में होटल, धर्मशाला, गेस्ट हाउस और पीजी की विशेष चेकिंग की जा रही है। थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। होटल संचालकों को स्पष्ट हिदायत दी गई है कि बिना पहचान पत्र के किसी व्यक्ति को कमरा न दिया जाए। ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का नाम, पता और मोबाइल नंबर रजिस्टर में दर्ज करना जरूरी होगा।
पुलिस की ओर से होटल और अन्य संस्थानों में काम करने वाले कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन करवाने के लिए भी कहा गया है। किसी व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध नजर आने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की हिदायत दी गई है।


 पंजाब सीमा और प्रवेश मार्गों पर नाकाबंदी 

SIRSA जिले के प्रमुख प्रवेश मार्गों और पंजाब एवं राजस्थान सीमा से लगते क्षेत्रों में विशेष नाके लगाए गए हैं। यहां वाहनों की जांच के साथ संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजार, मुख्य चौराहों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है। जरूरत के अनुसार सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

 किराएदारों का करवाएं सत्यापन 

एसपी दीपक सहारन ने मकान मालिकों से भी अपील की है कि वे अपने यहां रहने वाले किराएदारों का पुलिस सत्यापन जरूर करवाएं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि आमजन की भागीदारी से ही इसे मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।


 अपराधियों पर भी कसेगा शिकंजा 


स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए पुलिस ने असामाजिक तत्वों और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत वांछित और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों की धरपकड़ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि 15 अगस्त के कार्यक्रम को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि से सख्ती से निपटा जाएगा।