फतेहाबाद जिला के गांव में फास्ट फूड खाते समय 12 वर्ष के छात्र की हत्या, मामूली विवाद के बाद पड़ोसी ने छाती पर कैंची से कर दिए कई वार

 

mahendra india news, new delhi

हरियाणा प्रदेश के फतेहाबाद जिले के रतिया क्षेत्र के गांव बादलगढ़ में बच्चे की हत्या करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार फास्ट फूड खाने के दौरान हुए मामूली विवाद ने कुछ ही पलों में खूनी रूप ले लिया। पड़ोसी 13 साल किशोर ने 12 साल के बच्चे की छाती पर कैंची से हमला कर दिया, इससे उसकी मौत हो गई। मृतक व आरोपित दोनों साथ ही पढ़ाई करते थे, नौवीं कक्षा में थे। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने आरोपित किशोर के खिलाफ जुवेनाइल एक्ट एवं संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी से पता चला है कि गांव बादलगढ़ के रहने वाले कुलविंदर सिंह का 12 साल का बेटा अरमान वीरवार रात्रि अपने 13 वर्षीय पड़ोसी किशोर के साथ गांव के चौक में फास्ट फूड खाने गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि आरोपित किशोर ने अपने पास मौजूद कैंची (नुकीली चीज) से अरमान की छाती पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल अरमान को संभालने का प्रयास किया गया, इस दौरान उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

इस दर्दनाक घटना की सूचना मिलते ही रतिया सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रतिया के राजकीय अस्पताल के शवघर में भिजवा दिया। 

रतिया सदर पुलिस थाना प्रभारी शीशपाल सिंह ने बताया कि आरोपित किशोर के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। चूंकि आरोपी नाबालिग है, इसलिए मामले में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस घटना के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।