स्वामी विवेकानंद स्कूल अरनियावाली में ब्रह्माकुमारी बहन ने विद्यार्थियों को दिया आध्यात्मिक संदेश

 

mahendra india news, new delhi

रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर स्वामी विवेकानंद स्कूल अरनियावाली में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी आश्रम, बकरियांवाली से पधारीं वर्षा बहन जी ने विद्यार्थियों को रक्षाबंधन पर्व की पवित्रता और उसके आध्यात्मिक महत्व के बारे में संदेश दिया।

वर्षा बहन जी ने कहा कि रक्षाबंधन केवल राखी बांधने और उपहार देने का पर्व नहीं है, बल्कि यह भाई-बहन के बीच पवित्र प्रेम, विश्वास और रक्षा के संकल्प का त्योहार है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि रक्षाबंधन को सादगी एवं पवित्रता के साथ मनाना चाहिए। भाई को बहन की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए तथा बहन को भी किसी उपहार की अपेक्षा किए बिना इस पवित्र बंधन की भावना को समझना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों से भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों को जीवन में अपनाने तथा त्योहारों को उनके वास्तविक आध्यात्मिक भाव के साथ मनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर डॉ. रामकृष्ण खोथ, निहाल सिंह खोथ एवं अजय गहलोत सहित विद्यालय स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने वर्षा बहन जी का आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।