नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव में बरसात से दीवार गिरने से किसान की मौत, ग्रामीणों ने गमगीन माहौल में किया अंतिम संस्कार
नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव कागदाना में बरसात के कारण एक दर्दनाक हादसा सामने आया। गांव में कच्ची दीवार गिरने से 65 साल के कृष्ण कुमार की मौत हो गई। नाथूसरी चौपटा थाना पुलिस ने सिरसा के सामान्य अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। गांव के शमशान घाट में मंगलवार को गमगीन माहौल में कृष्ण कुमार का अंतिम संस्कार किया गया।
कागदाना निवासी करीब 65 साल के कृष्ण कुमार पुत्र हजारी राम सूखा चारा (तूड़ी ) लाने के लिए अपने घर के पास बने नोहरे में गया, इसी दौरान बरसात के कारण एक कच्ची दीवार कृष्ण कुमार के ऊपर गिर गई। दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबे को हटाकर कृष्ण कुमार को बाहर निकाला और नाथुसरी चौपटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल करवाया जहां से सिरसा के सामान्य अस्पताल रेफर कर दिया। सिरसा में चिकित्सकों ने कृष्ण कुमार को मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को नाथूसरी चौपटा थाना पुलिस ने कृष्ण कुमार के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सोपा गया। और इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की है। गांव कागदाना में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया।
ग्रामीणों ने बताया कि हादसे से कृष्ण कुमार के परिवार को गहरा आघात लगा है। कृष्ण कुमार खेती-बाड़ी का काम करता था। कृष्ण कुमार अपने पीछे पत्नी भागा देवी, तीन लड़के नरेश कुमार, मदनलाल और अजय पाल और तीन लड़कियां सीमा, इंद्रावती, मंजू छोड़ गया है।
गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से नाथूसरी चौपटा क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है बारिश से कच्चे मकान भर भरा कर गिर रहे हैं।