चौपटा क्षेत्र के गांव में शर्मनाक घटना,  ड्रैन के नाले में आंखों पर पट्टी बांधकर धकेली गई गाय, ग्रामीणों ने बचाया, रोष 

 
A shameful incident took place in a village in the Chaupata area, a blindfolded cow was pushed into a drain, villagers rescued it, anger erupted
 
mahendra india news, new delhi

नाथूसरी चौपटा क्षेत्र में दो दिन पहले गांव नाथूसरी कलां में नवजात बच्ची झाड़िया मिली। अब दो दिन बाद शर्मनाक घटना देखने को मिल रही है। क्षेत्र के गांवजमाल के समीप से गुजरने वाले  ड्रैन पानी के नाले में एक गाय को बड़ी बेरहमी से आँखों पर पट्टी बांधकर धकेल दिया गया। यह हृदय विदारक घटना तब सामने आई जब सुबह ग्रामीणों ने ड्रैन में गाय को इधर-उधर भटकते हुए देखा। 


इस बारे में जानकारी देते हुए गांव जमाल के निवासी प्रेम कुमार, अजय ज़्याणी और ओम प्रकाश ने बताया कि सुबह-सुबह जब वे नोहर रोड के पास से गुजरे तो उन्होंने ड्रैन में गाय को तैरते हुए देखा। करीब से जाकर देखा तो गाय की आँखों पर कपड़े की पट्टी बंधी हुई थी। 


ग्रामीणों को तुरंत समझ आ गया कि किसी ने गाय को रात के अंधेरे में जानबूझकर धकेल दिया होगा। गाय को निकालने के लिए ग्रामीणों ने काफी मशक्कत की। आखिरकार सभी के सहयोग से गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जैसे ही उसकी पट्टी खोली गई, गाय डरी-सहमी हालत में इधर-उधर देखने लगी। बचाव के बाद गाय को गाँव की महर्षि दयानंद सरस्वती गोशाला समिति के सुपुर्द कर दिया गया। समिति के सदस्य विजय कुमार, जगतपाल और अन्य ग्रामीणों ने आश्वासन दिया कि अब गाय की पूरी देखभाल की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह घटना न केवल अमानवीय है बल्कि समाज में संवेदनाओं पर भी सवाल खड़े करती है। 


सरपंच प्रतिनिधि समाजसेवी ओमप्रकाश डूडी सहित गांववासियों ने इस कायरतापूर्ण कार्य की कड़ी निंदा की। उनका कहना था कि निर्दोष पशु को इस तरह से जान से मारने की नीयत से ड्रैन में फेंकना बेहद शर्मनाक और निंदनीय कृत्य है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई भी पशु पर अत्याचार करने की हिम्मत न कर सके। इस घटना ने एक बार फिर पशु संरक्षण और उनकी सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। समाज में ऐसे लोगों की मानसिकता को बदलने के लिए जागरूकता और कठोर कानूनी कदमों की जरूरत है।