फतेहाबाद के गांव मेहूवाला में मामले में वीडियो ने खोला राज, बच्चों को जहर मिली शिकंजी पिलाकर कुंड में डाला; इसके बाद फिर महिला कूदी

 

mahendra india news, new delhi

हरियाणा प्रदेश के फतेहाबाद जिला के गांव मेहूवाला में मां और 2 मासूम बच्चों की मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। मृतका सुदेश के मोबाइल फोन से मिले 3 वीडियो ने पूरे घटनाक्रम की दिशा बदल दी। बता दें कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि सुदेश ने पहले खेत में घास जलाने के लिए इस्तेमाल होने वाले कीटनाशक को शिकंजी में मिलाकर 9 साल की ज्योति और 8 साल के विनीत को पिलाया।

बताया जा रहा है कि बच्चे शिकंजी पीने से मना भी कर रहे थे, इसका करीब 17 सेकंड का वीडियो भी मोबाइल में मिला है। बच्चों के बेहोश होने के बाद उन्हें घर में बने पानी के कुंड में डाल दिया गया। इसके बाद सुदेश ने स्वयं भी कीटनाशक पीकर कुंड में छलांग लगा दी।

आपको बता दें कि पुलिस जांच में मिले दूसरे वीडियो में सुदेश अपने पति से परेशान होने की बात कह रही और उसके द्वारा मारपीट किए जाने की बात कही है। वीडियो में उसने घर की पूरी जिम्मेदारी स्वयं उठाने और लगातार मानसिक तनाव में रहने का भी उल्लेख किया है। जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि आंगनबाड़ी वर्कर सुदेश ही परिवार का अधिकांश खर्च वहन करती थी। पुलिस अब इन वीडियो को महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए पूरे घटनाक्रम की कडय़िां जोड़ रही है।


भाई की शिकायत पर पति के खिलाफ केस दर्ज
मृतका महिला के भाई प्रवीण की शिकायत पर पुलिस ने सुदेश के पति गांव मेहूवाला निवासी संदीप के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पति की प्रताडऩा और घरेलू विवाद के चलते सुदेश ने यह कदम उठाया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि सुदेश और संदीप ने करीबन 12 साल पहले प्रेम विवाह किया था।


भट्टूकलां थाना प्रभारी वीर सिंह ने बताया कि विसरा रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि जहर था या नहीं। जांच के दौरान मोबाइल फोन, वीडियो और फॉरेंसिक रिपोर्ट को अहम साक्ष्य के रूप में शामिल किया जाएगा।

इंस्टाग्राम पर सक्रिय, आखिरी रील छोड़ गई कई प्रश्र
बताया जा रहा है कि सुदेश इंटरनेट मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम पर काफी सक्रिय रहती थी। उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 3471 फालोअर्स, 1621 व्यक्तियों को वह फालो करती थी, जबकि 463 पोस्ट और रील अपलोड की हुई थीं। घटना से कुछ घंटे पहले उसने आंगनबाड़ी कार्यालय में बैठकर एक रील बनाई थी, जिसमें दर्दभरा पंजाबी गीत लगाया हुआ था।


 विसरा रिपोर्ट का इंतजार
फतेहाबाद के सामान् अस्पताल में तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण डूबना माना गया है, हालांकि बॉडी में कीटनाशक की मात्रा और उसके प्रभाव की पुष्टि के लिए विसरा मधुबन स्थित फॉरेंसिक लैब भेजा गया है।